
इंदौर। यहां पिछले कई महीनों से सडक़ पर करीब 10 बाय 10 फीट का गड्ढा बना हुआ है। इसकी गहराई करीब 6 फीट बताई जा रही है। मुख्य मार्ग पर मौजूद यह गड्ढा वाहन चालकों और राहगीरों के लिए लगातार खतरा बना हुआ है। हैरानी की बात यह है कि इतने लंबे समय से समस्या बने रहने के बावजूद इसका स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
सडक़ पर पेचवर्क तो किया गया, लेकिन गड्ढे के आसपास की स्थिति अब भी लोगों की परेशानी कम नहीं कर सकी है। दिन के समय तो वाहन चालक किसी तरह गड्ढ को देखकर अपना रास्ता बदल लेते हैं, लेकिन रात होते ही यहां खतरा कई गुना बढ़ जाता है। सडक़ पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से अंधेरा पसरा रहता है। ऐसे में तेज रफ्तार से आने वाले वाहन चालकों को गड्ढे का अंदाजा समय पर नहीं लग पाता। अचानक सामने आए खतरे से बचने के लिए वाहन चालक संतुलन खो देते हैं। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति और भी जोखिम भरी है। आए दिन हादसों की आशंका बनी रहती है और कई बार लोग दुर्घटना का शिकार भी हो रहे हैं।
रहवासी सनी जोशी ने बताया कि यह मार्ग सामान्य आवाजाही का रास्ता नहीं, बल्कि शहर के व्यस्त मार्गों में शामिल है। सामने ही सिटी बस का डिपो स्थित है, जहां से बसों की आवाजाही बनी रहती है। इसके अलावा दोपहिया, चारपहिया वाहनों और पैदल राहगीरों का भी लगातार आवागमन होता है। ऐसे व्यस्त मार्ग पर इतने बड़े और गहरे गड्ढा का होना यातायात सुरक्षा पर सवाल खड़े करता है। बसों की आवाजाही के बीच छोटे वाहन चालकों को रास्ता बनाने में भी परेशानी होती है।
सडक़ पर गड्ढा से बचने के लिए वाहन चालक अचानक कट लेते हैं, जिससे पीछे से आने वाले वाहनों के साथ टक्कर होने का खतरा बना रहता है।रहवासियों और यहां से नियमित गुजरने वाले लोगों का कहना है कि समस्या कई महीनों से बनी हुई है। सडक़ पर पेचवर्क कर समस्या को दूर करने की कोशिश जरूर की गई, लेकिन जिस स्थान पर वास्तविक परेशानी है, वहां स्थायी सुधार की जरूरत है। लोगों का सवाल है कि जब यह मार्ग इतना व्यस्त है और सामने ही सिटी बस डिपो है, तो फिर सडक़ की इस गंभीर समस्या पर जिम्मेदार विभागों का ध्यान क्यों नहीं जा रहा?
रहवासी दिनेश पालीवाल ने बताया कि सडक़ की बदहाली के साथ ही कृषि महाविद्यालय की दीवार के किनारे रखे ड्रेनेज पाइप भी परेशानी का कारण बने हुए हैं। इन पाइपों के आसपास लोग कचरा फेंक रहे हैं। धीरे-धीरे यहां कचरे का जमाव होने लगा है। सफाई नहीं होने से गंदगी बढ़ रही है और मच्छर पनपने लगे हैं। मुख्य मार्ग से गुजरने वाले लोगों को जहां एक ओर गड्ढे से बचकर निकलना पड़ता है, वहीं दूसरी ओर सडक़ किनारे फैली गंदगी भी परेशानी बढ़ा रही है। ड्रेनेज पाइपों के आसपास जमा कचरा केवल सफाई व्यवस्था पर सवाल नहीं खड़ा करता, बल्कि मच्छरों के पनपने से आसपास के लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बन रहा है। नियमित सफाई और कचरे के उचित निस्तारण की व्यवस्था नहीं होने से यह स्थान धीरे-धीरे कचरा फेंकने का अघोषित ठिकाना बनता जा रहा है।
रहवासी नितेश पारवानी ने बताया कि इस स्थान पर एक और समस्या आवारा कुत्तों की है। ड्रेनेज पाइपों के आसपास जमा कचरे और खाली जगह में कुत्तों ने अपना ठिकाना बना लिया है। यहां से गुजरने वाले लोगों को देखते ही कुत्ते भौंकने लगते हैं और कई बार झुंड में पीछे दौड़ते हैं। इससे वाहन चालकों और पैदल चलने वालों में डर बना रहता है। अचानक कुत्तों के भौंकने या पीछे दौडऩे पर लोग उनसे बचने के लिए सडक़ पर इधर-उधर भागते हैं।
कई बार इसी कोशिश में संतुलन बिगडऩे से लोग गिर भी जाते हैं। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति बेहद खतरनाक है। सडक़ पर पहले से ही गड्ढा मौजूद है और ऊपर से कुत्तों के अचानक पीछे दौडऩे से दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। पैदल राहगीरों को भी इस हिस्से से गुजरते समय सतर्क रहना पड़ता है। इस तरह एक ही स्थान पर सडक़ की खराब स्थिति, अंधेरा, गंदगी, मच्छर और आवारा कुत्तों की समस्या एक साथ लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।
गड्ढे का पैचवर्क क्यों नहीं किया गया है। कुछ जगह पर पैचवर्क क्यों छोड़ा है। उसका पता लगाकर। मुख्य मार्ग पर पैचवर्क कराते है।
राजेंद्र राठौर, एमआईसी सदस्य