Indore Gangster Salman Lala: पुलिस को चकमा देकर भागे गैंगस्टर सलमान लाला की मौत के बाद उसके गुर्गे माहौल खराब करने में लगे हैं। सोशल मीडिया अकाउंट पर गुर्गे की सक्रियता की जांच कर रही है। जो बदमाश माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं, उनकी हिस्ट्रीशीट खोली जा रही है। इस बीच एक्टर एजाज खान ने भी एक वीडियो जारी किया है।
Indore Gangster Salman Lala: पुलिस को चकमा देकर भागे इंदौर के गैंगस्टर सलमान लाला की मौत के बाद उसके गुर्गे माहौल खराब करने में लगे हैं। जनाजे में आई भीड़ में भी गुर्गे अपनी रोटी सेंकने में लगे थे। वे चाहते थे कि किसी तरह माहौल खराब हो जाए। हालांकि, पुलिस ऐसे लोगों की भीड़ पर नजर रखती रही। अब सोशल मीडिया अकाउंट पर गुर्गे की सक्रियता की जांच कर रही है। जो बदमाश माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं, उनकी हिस्ट्रीशीट खोली जा रही है। जल्द ऐसे बदमाशों को चिन्हित कर पुलिस कार्रवाई करने वाली है। इस बीच एक्टर एजाज खान(Ajaz Khan) ने भी एक वीडियो जारी किया है। उन्होंने सलमान लाला के मौत पर सवाल खड़ा किया है।
सोशल मीडियो पर पोस्ट किए अपने वीडियो में एक्टर एजाज खान ने कहा सलमान लाला(Indore Gangster Salman Lala) डूब कर मर गया तालाब में ऐसा बोला जाता है। मुझे ऐसा लगता है कि वह तैराक था बहुत बड़े समंदर में तैरने वाला तालाब में डूबकर नहीं मर जाया करते। गैंगस्टर था वह, उसे जानता तो नहीं हूं लेकिन ऐसा बोला जाता है कि वह गैंगस्टर था। गुनाह उसका यह नहीं था कि वह गैंगस्टर था उसका गुनाह यह है कि वह मुसलमान था। इसलिए उसे इस तरह से मार दिया गया।
गैंगस्टर सलमान लाला निवासी नया बसेरा की मौत के बाद सोमवार को पुलिस उसके घर के आसपास तैनात थी। इस बीच सलमान के गुर्गे ने अपना काम शुरू कर दिया। बदमाश के अकाउंट के फॉलोअर्स बढ़ाने से लेकर हर गलत काम में जुट गए। कुछ बदमाशों ने तो सोशल मीडिया पर गैंगस्टर की मौत पर सवाल उठा दिए। कुछ ने तो पुलिस पर आरोप लगाते हुए अभद्र टिप्पणी कर दी, मारने तक की धमकी दे डाली। सभी पोस्ट को पुलिस अधिकारियों ने जांच में शामिल कर लिया है।
एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया, बदमाश सलमान की मौत के बाद उसके जनाजे में सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी तैनात रहे। सीहोर स्थित भोपाल-इंदौर रोड के किनारे बदमाश का खदान में शव मिला था। इसके बाद से बदमाश के गुर्गे ने सोशल मीडिया पर अशोभनीय और अफवाह फैलाने वाले मैसेज चलाना शुरू कर दिए। किसी ने पुलिस के गलत एनकाउंटर की तो किसी ने अन्य बात छेड़ दी। कुछ गुर्गों ने तो रील तक चला डाली। ऐसे सभी रील, मैसेज को जांच में शामिल किया है। फोटो के आधार पर गुर्गों की तलाश कर हिस्ट्रीशीट खोल रहे हैं।
दंडोतिया ने बताया, जांच में पता चला है कि सलमान लाला के सोशल मीडिया अकाउंट के फॉलोअर्स बढ़ रहे हैं। बदमाश, उसके गुर्गों के ड्रग्स नेटवर्क और उनसे जुड़े लोगों की जानकारी निकाल रहे हैं। अफवाह फैलाने वालों पर कडी कार्रवाई की जाएगी। जोन-2 एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि सैकड़ों सोशल मीडिया अकाउंट को जांच में शामिल किया है। बदमाशों के समर्थकों का आपराधिक रिकॉर्ड पता कर रहे हैं।