
रणवीरसिंह कंग @ इंदौर. मंगलवार को जिला प्रशासन के कायाकल्प अधिकारी कैलाश वानखेड़े ने हुकुमचंद पॉलीक्लीनिक का निरीक्षण किया। यहां की व्यवस्थाएं देख वे हैरान हो गए। सुविधाघरों में स्त्री और पुरुष प्रसाधन लिखा था, लेकिन बाहर ताले डले थे। ओपीडी में आने वाली महिला मरीजों और अन्य मरीजों के लिए सुविधाघर को कोई व्यवस्था नहीं थी। यहां डॉक्टर्स की कम संख्या देखकर उन्होंने आपत्ति ली।
बता दें कि जिला अस्पताल बंद करने के नाम पर वहां संचालित सेवाओं को यहां-वहां शिफ्ट किया गया है, लेकिन अब यहां की स्थिति और खराब है। प्रसूति की संख्या एक तिहाई ही बची है। ओटी बंद है। इस पर वानखेड़े ने नेत्र रोग विभाग को बंद करने के लिए कहा। निरीक्षण के बाद वानखेड़े ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण जडिय़ा से बात की। उन्होंने कहा कि एक साथ इतने सारे विभाग चलाने से बेहतर है कि दो-चार विभाग ही चलाएं। स्टॉफ ने यह शिकायत भी की कि हुकुमचंद पॉलीक्लीनिक के स्टॉफ को पीसी सेठ अस्पताल भेज दिया गया, जिसके कारण यहां परेशानी हो रही है।
सफाई कर्मचारी झूठ बोलती रहीं
एडीएम ने तल मंजिल पर जब वहां खड़ी चार सफाई कर्मचारियों से पूछा कि मरीजों के लिए 'बाथरूम' कहां है तो एक कमरा दिखाते हुए बोलीं- यहां है। जब अधिकारी ने ताला लगाने पर जवाब तलब किया तो फिर बोलीं कि यह बंद रहता है। फिर दोबारा जब पूछा कि यह बंद है तो दूसरा कहां हैं। इस पर सफाई कर्मचारी कोई जवाब नहीं दे पाईं।