
पिछले 6 बार से देश के सबसे स्वच्छ शहर का खिताब अपने नाम करने वाले इंदौर की सफाई व्यवस्था पर विवादित टिपप्णी करना 'भारत पे' के पूर्व सह फाउंडर अशनीर ग्रोवर को भारी पड़ गया है। एक तरफ जहां उनके इस बयान पर मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी तो वहीं अब इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव के निर्देश पर इंदौर पुलिस ने उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। बता दें कि, अशनीर ग्रोवर ने इंदौर में ही आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि, शहर स्वच्छता का सर्वे खरीदता है।
शहर के लसुडि़या थाना पुलिस ने संजय पिता रमेश घावरी की शिकायत पर अशनीर ग्रोवर के खिलाफ धारा 499 और 500 के तहत केस दर्ज किया है। संजय द्वारा की गई शिकायत में कहा गया कि, ग्रोवर द्वारा शहर के बारे में भ्रामक टिप्पणी करते हुए इंदौर नगर निगम की छवि धूमिल की है। उनके इस बयान से शहर की जनभावना को भी ठेस पहुंची है। ये अपराध की श्रेणी में आता है। संजय की शिकायत प्रमाणित होने पर पुलिस ने ग्रोवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
ग्रोवर की इस टिप्पणी ने मचाया बवाल
दरअसल, इंदौर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने आए अशनीर ग्रोवर ने यहां शहर की सफाई व्यवस्था पर विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि, 'दो तीन बार से सुन रहा हूं कि इंदौर सफाई में नंबर वन है। सड़कों से रैपर उठाना सफाई नहीं होती। मुझे तो लगता है इंदौर ने स्वच्छता सर्वे खरीद रखा है।' हालांकि, ग्रोवर के इस कथन पर कार्यक्रम में मौजूद कुछ लोगों ने उनकी टिप्पणी का विरोध भी किया, लेकिन ग्रोवर उसपर भी नहीं रुके और शहर की सफाई व्यवस्था पर विवादित प्रतिक्रिया देते रहे।
टिप्पणी से आहत हुए इंदौर महापौर
अशनीर ग्रोवर द्वारा की गई विवादित टिप्पणी से आहत होकर इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने उनके खिलाफ मानहानि का केस करने की बात कही थी। साथ ही, उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज कराने को भी कहा था। इसके बाद आज अशनीर ग्रोवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
गृहमंत्री ने भी की तीखी टिप्पणी
इस मामले पर मध्य प्रदेश के गृहमंत्री डॉक्टर नरोत्तम मिश्रा ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्विटर पर एक वीडियो जारी करते हुए साथ में पोस्ट किया कि, इंदौर ने लगातार 6 बार स्वच्छता में अव्वल आकर मील का पत्थर स्थापित किया है। अशनीर ग्रोवर जैसे लोग जिनके दिमाग में कचरा होता है, उन्हें गंदगी ही दिखाई देगी। इंदौर और इंदौरवासियों के सफाई कल्चर पर पूरे देश को गर्व है।