
Indore-Howrah Shipra Express: पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने रेल मंत्री को पत्र लिखा। (Photo Source - Patrika)
Indore-Howrah Shipra Express: बेदारगंज-इंदौर के बीच नई ट्रेन चलाने की घोषणा के बीच इंदौर-हावड़ा शिप्रा एक्सप्रेस को नियमित (रोजाना) किए जाने की मांग एक बार फिर जोर पकडऩे लगी है। पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन (ताई) ने रेल मंत्री को पत्र लिखकर नई ट्रेन के संचालन का स्वागत किया है, लेकिन साथ ही उन्हें वर्षों पुरानी उस घोषणा की भी याद दिलाई है, जिसमें शिप्रा एक्सप्रेस को नियमित करने की बात कही गई थी।
ताई ने पत्र में उल्लेख किया कि अप्रैल 2018 में तत्कालीन रेल मंत्री ने रेलवे बोर्ड अध्यक्ष की मौजूदगी में आयोजित अधिकृत कार्यक्रम में इंदौर-हावड़ा शिप्रा एक्सप्रेस को नियमित करने की घोषणा की थी। इसके बावजूद यह घोषणा अब तक जमीन पर नहीं उतर सकी है।
उनका कहना है कि जिस मार्ग पर नई विशेष यात्री ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है, उसी मार्ग से शिप्रा एक्सप्रेस का संचालन किया जाए तो रेलवे अपने पुराने वादे को पूरा कर सकता है। उन्होंने तर्क दिया कि इससे केवल मालवा क्षेत्र ही नहीं, बल्कि गुना, ग्वालियर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। यदि नई ट्रेन चलाना संभव नहीं हो तो वर्तमान में रतलाम-भिंड के बीच संचालित यात्री ट्रेन का विस्तार हावड़ा तक करने पर भी विचार किया जा सकता है। इस विस्तार से न केवल रेलवे पर रखरखाव का कोई अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा, बल्कि यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।
इधर, इंदौर से चलने वाली अवंतिका एक्सप्रेस में सीट को लेकर एक यात्री की परेशानी चर्चा का विषय बनी हुई है। यात्री का आरोप है कि उसने आरक्षित सीट का टिकट लिया था, लेकिन कोच में पहुंचने पर उसकी सीट पर किसी अन्य यात्रियों ने कब्जा कर रखा था। विरोध करने पर भी उसे अपनी सीट नहीं मिल सकी।
स्थिति ऐसी बनी कि उसे पूरी यात्रा फर्श पर बैठकर करनी पड़ी। पीडि़त यात्री ने ट्रेन स्टाफ से शिकायत की, लेकिन मौके पर कोई समाधान नहीं निकला। आखिरकार उसने रेल मदद पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत सामने आने के बाद डीआरएम कार्यालय ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट के बीच रेलवे ने ग्वालियर होकर गुजरने वाली चार विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इन ट्रेनों के चलने से प्रयागराज, इंदौर, सूरत और मुंबई की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सीटों की सुविधा मिलेगी। रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 04105/04106 प्रयागराज-उधना प्रयागराज विशेष ट्रेन 11 जून से 31 जुलाई तक 15-15 फेरों में संचालित होगी। प्रयागराज से यह ट्रेन प्रत्येक गुरुवार और रविवार को रवाना होकर अगले दिन सुबह 4.30 बजे ग्वालियर पहुंचेगी। यहां से गुना, उज्जैन, रतलाम और भरूच होते हुए उधना जाएगी। वापसी में उधना से प्रत्येक शुक्रवार और सोमवार को चलेगी।
Updated on:
10 Jun 2026 03:56 pm
Published on:
10 Jun 2026 03:56 pm
