
Bus service: रीवा और ग्वालियर रूटों पर दौड़ेगी बसें (Photo Source - Patrika)
Indore news: एमपी के इंदौर शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एआइसीटीएसएल (अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड) ने बड़ा कदम उठाया है। शहर के 12 नए बस रूटों पर संचालन के लिए ऑपरेटर नियुक्त कर दिए गए हैं। अगस्त से इन रूटों पर बसों का संचालन शुरू होने की संभावना है, जिससे उन क्षेत्रों के यात्रियों को राहत मिलेगी जहां अब तक बस सेवा उपलब्ध नहीं थी।
एआइसीटीएसएल शहर में बसों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ इंटरसिटी और इंटरस्टेट बस सेवाओं के विस्तार की भी तैयारी कर रही है। इसके लिए प्रीमियम मॉडल अपनाया गया है, जिसमें निजी ऑपरेटर कंपनी के साथ मिलकर बसों का संचालन करेंगे। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलने के साथ कंपनी और ऑपरेटर दोनों को लाभ होगा।
इंदौर के भीतर बस सेवा बढ़ाने के साथ कंपनी इंटरसिटी बस सेवा का भी विस्तार कर रही है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों के अनुसार, प्री-बिड बैठक में ऑपरेटरों ने अच्छी रुचि दिखाई है, जिससे अगस्त से नई सेवाएं शुरू होने की उम्मीद है। प्रस्तावित रूटों में रीवा, नरसिंहपुर, जबलपुर, बालाघाट, ग्वालियर, बीना, गरोठ, छतरपुर और रायसेन सहित कई शहर शामिल हैं। इन मार्गों पर निजी ऑपरेटर एआइसीटीएसएल के साथ मिलकर बसों का संचालन करेंगे।
दो से तीन महीने पहले अधिकारियों ने दावे किए थे कि 1 जुलाई से सरकारी बस सेवा पटरी पर उतर जाएंगी लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। अब 15 अगस्त के पहले बस सेवा शुरू करने के दावे किए जा रहे। विभागीय अधिकारियों का दावा है कि नया सिस्टम तैयार करने में कई स्तर पर कानूनी अड़चनें आ रही हैं। बता दें प्रदेश में खस्ताहाल लोक परिवहन को पत्रिका ने प्रमुखता से सरकार तक पहुंचाया। इसके बाद सीएम डॉ. मोहन यादव ने परिवहन सेवा को पटरी पर उतारने की घोषणा की थी। जिसके बाद एक राज्य स्तरीय होल्डिंग कंपनी बना दी है, 7 अन्य संभागीय कंपनियों ने भी काम शुरू किया है। सरकार 40 मार्गों को अधिसूचित कर चुकी है।
मध्य प्रदेश एवं केंद्र सरकार के सहयोग से संचालित होने जा रहे प्रोजेक्ट का टेंडर एक निजी ग्रीन सेल कंपनी को दिया गया है जो पहले फेस में भोपाल शहर में 20 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन करेगी। इसके बाद इसे बढ़ाकर 100 और 200 तक ले जाने की योजना बनाई गई है।
Updated on:
26 Jul 2026 05:05 pm
Published on:
26 Jul 2026 05:04 pm
