
इंदौर. बैंककर्मी युवती के पर्स से एटीएम कार्ड उड़ाने के बाद अज्ञात बदमाश ने कुछ ही मिनटों में 32 हजार निकाल लिए। मोबाइल पर एक के बाद एक कई मैसेज आने के बाद बैंककर्मी को शंका हुई। वे जब तक कुछ समझ पाती तब तक बदमाश उनके खाते से पूरे रुपए निकाल चुका था।
इसकी शिकायत करने वे थाने पहुंची तो थाना स्टाफ ने केस दर्ज करने के बजाए उन्हें शिकायती आवेदन लेकर लौटा दिया। छत्रीबाग में रहने वाले देवेंद्र सिंह ने बताया, उनकी बहन रतलाम कोठी स्थित आईडीबीआई बैंक में नौकरी करती हैं। घटना शनिवार की है। वे ड्यूटी खत्म कर निकली तो मोबाइल पर दो बार 10 हजार, एक बार 5 हजार और 7 हजार रुपए बैंक खाते से निकलने के मैसेज मिले। एक के बाद एक आए मैसेज देख उनकी बहन चौंक गई। उन्होंने पर्स देखा तो पता चला कि ३ एटीएम कार्ड सहित पहचान पत्र गायब है। रुपए निकलने के तुरंत बाद वे थाने शिकायत करनी पहुंची। आरोप है, यहां पुलिसकर्मियों ने सुनवाई करने के बजाए युवती को आधे घंटे तक बैठाए रखा। सूचना के बाद परिजन थाने पहुंचे तब कहीं जाकर शिकायती आवेदन लेकर जांच की बात कही। सिंह ने बताया की उनकी बहन ने कुछ दिन पूर्व यूको बैंक में खाता खुलवाया।
नए एटीएम कार्ड के साथ उन्हें पासवर्ड भी मिला। बहन ने एटीएम कार्ड के साथ पासवर्ड की स्लिप भी रखी। वह पासवर्ड बदलती इसके पहले कार्ड चोरी हो गया। संदेह है की उक्त पासवर्ड की मदद से बदमाश ने रुपए चोरी किए है। यह भी पता चला है, उक्त रुपए बदमाश ने एमवाय हॉस्पिटल के सामने स्थित एटीएम बूथ से रुपए निकाले हैं। पुलिस ने उन्हें एटीएम बूथ के फुटेज मिलने के बाद जांच की बात कही है।