CM Mohan Yadav on Congress and Rahul Gandhi: इंदौर में सीएम डॉ मोहन यादव ने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा।
CM Mohan Yadav on Congress and Rahul Gandhi: मध्यप्रदेश के इंदौर में सीएम डॉ मोहन यादव ने महू में कांग्रेस की जय भीम, जय बापू और संविधान रैली में शामिल होने आए कांग्रेस नेताओं पर जमकर जुबानी हमला किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपनी राजनीति की दुकान को मोहब्बत की दुकान बताकर समाज में नफरत फैलाने का सामान बेच रहे हैं और पार्टी कार्यकर्ताओं को भी ऐसा ही फरेब करना सिखा रहे हैं।
सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी के इस दोगलेपन को भली भांति जानती है। उनके बहकावे में नहीं आने वाली। कांग्रेस की रैली झूठ फैलाने, समाज को बांटने और सनातन को अपमानित करने के साथ शुरू हुई। कांग्रेस महात्मा गांधी, संविधान और बाबा साहब के नाम पर देश को बांटने का एजेंडा चला रही है। नकली गांधियों ने असली गांधी के विचारों की हत्या कर उन्हें अपमानित करने का काम किया है।
आगे सीएम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाने वाले राहुल गांधी और उनकी कांग्रेस पार्टी के लिए महात्मा गांधी, संविधान और बाबा साहब अंबेडकर सिर्फ राजनीति के औजार हैं। वास्तविकता यह है कि कांग्रेस ने आजादी के बाद न बापू की सुध ली, न संविधान का सम्मान किया और न ही बाबा साहब के विचारों, सिद्धांतों के प्रति आस्था रखी।
मोहन यादव ने कहा कि गरीबों, पिछड़ों और आदिवासियों के हमदर्द बनने का ढोंग करने की बजाय राहुल गांधी को देश की जनता को यह बताना चाहिए कि कांग्रेस की सरकारों ने आजादी के बाद गरीबों, पिछड़ों और आदिवासियों के लिए क्या किया? इन्होंने गरीबी मिटाने का सिर्फ नारा दिया, लेकिन गरीबों के लिए कभी कुछ नहीं किया। देश के गरीबों, पिछड़ों और आदिवासियों की सबसे बड़ी हमदर्द भारतीय जनता पार्टी है, जिसका लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति का कल्याण करना है और यह कांग्रेस के नारों की तरह खोखला नहीं है।