इंदौर

पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटवा के घर कुर्की के लिए पहुंचे बैंक कर्मचारी

ऋत्विक फाइनेंस जयपुर का बकाया है 14 करोड़ रुपए
less than 1 minute read
Jan 23, 2020
पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटवा के घर कुर्की के लिए पहुंचे बैंक कर्मचारी
पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटवा के घर कुर्की के लिए पहुंचे बैंक कर्मचारी

इंदौर. पूर्व मंत्री और वर्तमान विधायक सुरेंद्र पटवा के इंदौर स्थित घर कुर्की के लिए कोर्ट के कर्मचारी पहुंचे हैं। बताया जा रहा है ऋत्विक फाइनेंस जयपुर का उन पर 14 करोड़ रुपए बकाया है, जिस पर कोर्ट ने वसूली वारंट जारी किया है। विधायक पटवा भी अपने गुलमर्ग कॉलोनी स्थित घर पहुंचे हैं। कोर्ट के कर्मचारियों द्वारा कार्रवाई जारी है।

भोपाल की विशेष अदालत ने सुनाई थी 6 महीने की जेल

पिछले दिनों भोपाल की एक विशेष अदालत ने चेक बाउंस के दो मामलों में पटवा को 6 महीने की जेल और 30 लाख रुपए के जुर्माने की सजा सुनाई थी। हालांकि, पटवा को जमानत मिल गई थी। जानकारी के मुताबिक इंदौर निवासी प्रकाश सशीत्तल और उनकी पत्नी मीनाक्षी सशीत्तल से सुरेंद्र पटवा ने अपने कामकाज के लिए 20 लाख रुपए उधार लिए थे। प्रकाश पेशे से बैंकर और उनकी पत्नी शिक्षक हैं। 2017 में अभियुक्त सुरेंद्र पटवा को प्रकाश ने 12 लाख रुपए और मीनाक्षी ने 8 लाख रुपए उधार दिए थे। उधारी की रकम के भुगतान के लिये सुरेंद्र पटवा ने प्रकाश और मीनाक्षी को अलग-अलग चेक दिए।

प्रकाश और मीनाक्षी ने जब चेक भुगतान के लिए बैंक में पेश किए तो वे बाउंस हो गए। प्रकाश और मीनाक्षी ने चेक बाउंस के विधिक नोटिस देकर सुरेंद्र पटवा से 20 लाख रुपयों की मांग की। रकम न मिलने पर उन्होंने अदालत में मामला रखा। विशेष न्यायाधीश सुरेश सिंह ने चेक बाउंस के दोनों मामलों में अभियुक्त सुरेंद्र पटवा को दोषी माना। 12 लाख के मामले में 18 लाख जुर्माना और 8 लाख के मामले में 12 लाख रुपए के जुर्माने और छह महीने की जेल की सजा सुनाई।

Published on:
23 Jan 2020 03:32 pm