
Indore Drishyam-style case: इंदौर में 'Drishyam' जैसा कांड, नमक की बोरियों संग दफन थी डेड बॉडी (फोटो सोर्स- Patrika/IMDb)
Indore Drishyam style case: अभिनेता अजय देवगन की मशहूर थ्रिलर फिल्म 'दृश्यम' (Drishyam) जैसा दृश्य बुधवार दोपहर इंदौर में एयरपोर्ट एरिया में नजर आया। एरोड्रम थाना क्षेत्र में एयरपोर्ट से लगे वीआइपी पार्किंग के पास किसी का शव दफनाए जाने की सूचना मिलने पर सनसनी फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंची और किसी की हत्या कर शव गाड़ देने की आशंका के चलते उस स्थान पर खुदाई करवाई। थोड़ी खुदाई करते ही गड्ढे में नमक की बोरियां व लाल कपड़े में किसी का शव नजर आया।
एसीपी अशोक सिंह जादौन के मुताबिक, घटनाक्रम की शुरुआत दोपहर करीब 4 बजे हुई। एरोडम पुलिस डायल-112 पर सूचना मिली कि एयरपोर्ट की पार्किंग के पास ताजी खोदी गई जमीन में किसी ने बॉडी दफनाई है। चूंकि इलाका एयरपोर्ट परिसर से सटा था, इसलिए मामले को बेहद संवेदनशील मानते हुए पुलिस बल फौरन सायरन बजाते हुए मौके पर पहुंच गया। कुछ ही देर में घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई।
पुलिस को जमीन पर ताजी खुदाई के निशान दिखाई दिए। शुरुआती स्तर पर जब ऊपर की मिट्टी हटाई गई, तो अंदर लाल कपड़ा नजर आया। ताजी मिट्टी और लाल कपड़ा, आसपास नमक के बोरे देखते ही पुलिस के कान खड़े हो गए। वहां मौजूद भीड़ और पुलिसकर्मियों के बीच किसी संगीन वारदात के बाद बॉडी को ठिकाने लगाए जाने की आशंका गहरा गई.. किसकी बॉडी होगी? किसने यहां गाड़ा होगा? हर कोई सांस रोककर अगली कार्रवाई का इंतजार कर रहा था।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में सावधानीपूर्वक खुदाई आगे बढ़ाई गई। जैसे-जैसे मिट्टी हटती गई, सस्पेंस बढ़ता गया। आखिरकार जब लाल कपड़े में लिपटी बॉडी को बाहर निकाला गया, तो मामला पलट गया। कपड़े के भीतर किसी इंसान का नहीं, बल्कि एक पालतू श्वान की डेड बॉडी थी। जांच में सामने आया कि किसी पशु प्रेमी ने अपने श्वान के निधन के बाद उसे लावारिस फेंकने की बजाय उसे पूरे आदर और विधि-विधान से लाल कपड़े में लपेटकर वहां दफनाया था। सच्चाई सामने आते ही पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों ने राहत की सांस ली और घंटों से बना तनावपूर्ण माहौल हास्य व चर्चा में बदल गया।
Updated on:
25 Sept 2026 07:13 am
Published on:
25 Sept 2026 07:13 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
