इंदौर

सोने की चेन पहनने वालों के लिए जरुरी खबर, आपके साथ भी हो सकता है ऐसा, देखें वीडियो

सैलून कर्मचारी ने ग्राहक के गले की सोने की चेन पर किया हाथ साफ...पुलिस ने पकड़ा
2 min read
• •
Updated: 30 Nov 2022, 5:08 PM IST
indore_gif.gif

इंदौर. अगर आप भी सोने की चेन पहनते हैं और सैलून पर कटिंग व सेविंग कराने के लिए जाते हैं तो ये खबर आपके लिए है। क्योंकि इंदौर में एक सैलून में हेयरकटिंग के दौरान एक होने वाले दूल्हे की सोने की चेन चोरी कर ली गई। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हुई है। हेयर कटिंग करने वाले युवक ने बड़ी ही सफाई से युवक के गले से सोने की चेन को उड़ाकर अपनी अंडरवियर में छिपा ली थी जिसे बरामद करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ये है पूरी घटना
जानकारी के मुताबिक इंदौर की बैंक कॉलोनी में रहने वाले 21 साल के कुणाल यादव की 1 दिसंबर को यूपी में शादी थी। हर दूल्हे की तरह वो भी शादी से पहले सैलून पर जाकर फेशियल,कटिंग और ब्लीचिंग कराने के लिए सुदामा नगर स्थित डूड एंड दीवास सैलून पर गया था। कुणाल ने बताया कि 3100 रुपए में पैकेज की बात हुई थी जिसमें वो दो बार फेशियल और कटिंग सहित अन्य चीजें शामिल थीं। पहले तो वो सोमवार को फेशियल और ब्लीचिंग के लिए सैलून पर गया तो सब कुछ ठीक था। लेकिन जब मंगलवार को अपने दो रिश्तेदारों के साथ वो सैलून पर पहुंचा सैलून में हेयर कटिंग करने वाले कर्मचारी का व्यवहार ठीक नहीं लगा। लेकिन उसने इस बात को नजर अंदाज किया और हेयर कटिंग करा ली। जब वो कटिंग कराकर वापस लौट रहा था तो सैलून के गेट पर ही उसने गले पर हाथ फेरा तो उसकी सोने की चेन गायब थी।

कर्मचारी की अंडरवियर में मिली चेन
गले से सोने की चेन गायब होने का पता चलते ही तुरंत कुणाल सैलून के अंदर पहुंचा और हर जगह चेन की तलाश की पर चेन कहीं नहीं मिली। चेन न मिलने पर कुणाल ने डायल 100 को सूचना दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरु की। पुलिस ने कुणाल की भी चेकिंग की ली लेकिन उसके पास सोने की चेन नहीं मिली जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने हेयर कटिंग करने वाले कर्मचारी की तलाशी ली तो उसके अंडरवियर से सोने की चेन बरामद हुई। पकड़ा गया आरोपी कभी अपना नाम दीपक शर्मा तो कभी दीपक जोशी बता रहा है और पुलिस को उसके पास से कुछ और सामान मिला है जिसके चोरी के होने की आशंका है।

Published on: