इंदौर

राहुल गांधी को कुछ बताना चाहते थे भय्यू महाराज, इस शख्स ने किया बड़ा खुलासा

भय्यू महाराज कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से मिलकर उन्हें कुछ बताना चाहते थे।
2 min read
• •
Updated: 7 Jul 2018, 1:51 PM IST
bhaiyyu maharaj
राहुल गांधी को कुछ बताना चाहते थे भय्यू महाराज, इस शख्स ने किया बड़ा खुलासा

इंदौर. भय्यू महाराज कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से मिलकर उन्हें कुछ बताना चाहते थे। संघ के बारे में उनके पास कुछ जानकारी थी। ऐसे में भय्यू महाराज सुसाइड कैसे कर सकते हैं। उनका अचानक आत्महत्या करना संदेहास्पद है। इसकी निष्पक्ष रूप से जांच होनी चाहिए।

यह बड़ा खुलासा युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशवचंद यादव ने शुक्रवार को इंदौर में किया। यादव यूथ मेनिफेस्टो कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए थे। गांधी भवन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भय्यू महाराज बहुत सम्मानित संत थे। उनके आत्महत्या पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। नागपुर में रहने वाला एक परिचित महाराज की आत्महत्या के तीन दिन पहले मुझसे मिला था। उसने कहा कि भय्यू महाराज राहुल गांधी से मिलकर उन्हें संघ के बारे में कुछ बताना चाहते हैं, लेकिन इसके दो दिन बाद ही उन्होंने आत्महत्या कर ली।

महाराज ने खुद को गोली मार ली थी

भय्यू महाराज ने 12 जून 2018 को अपने घर में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या के पीछे पारिवारिक कलह की बात सामने आई थी। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस अब तक भय्यू महाराज की दूसरी पत्नी आयुषी, उनकी पहली पत्नी से हुई बेटी कुहू सहित 25 से ज्यादा व्यक्तियों के बयान दर्ज कर चुकी है, लेकिन कोई ठोस कारण सामने नहीं आया है।

यूथ मेनिफेस्टो में आए सुझावों के आधार पर बनेगा घोषणा पत्र

जलसा गार्डन में आयोजित यूथ मेनिफेस्टों में आरजीपीआरएस की राष्ट्रीय अध्यक्ष मीनाक्षी नटराजन व युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशवचंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश के बड़े शहरों में यूथ मेनिफेस्टो का आयोजन किया जा रहा है। इसकी शुरुआत इंदौर से की गई है। यूथ मेनिफेस्टो 2018 में आए विचारों और सुझावों को चुनावी घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा, ताकि चुनाव जीतने के बाद इन मुद्दों पर काम किया जा सके। प्रदेश युवक कांग्रेस उपाध्यक्ष दीपक जोशी (पिंटू) और इंदौर लोकसभा युवक कांग्रेस अध्यक्ष अमन बजाज द्वारा आयोजित यूथ मेनिफेस्टो में बड़ी संख्या युवाओं ने व्यापार, शिक्षा, किसान, मानवाधिकार, मीडिया, एडवोकेट, इंडस्ट्री, होटल व अन्य क्षेत्रों में परेशानी और सुधार को लेकर सुझाव रखे। लिखित में विचार भी लिए गए।

यादव का किया स्वागत

शहर आए युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया गया। एयरपोर्ट से लेकर गांधी भवन तक होर्डिंग्स और स्वागत मंच लगाए गए थे। करीब चार घंटे में बाइक रैली एयरपोर्ट से गांधी भवन पहुंची। गांधी भवन में सभा को संबोधित करने के बाद यादव जलसा गार्डन के लिए रवाना हो गए।

Published on: