इंदौर

शपथ विधि के ठिकाने नहीं, भाजपा ने रखा सम्मान समारोह

हाल-ए-एल्डरमैन : रविवार को करेंगे शक्ति प्रदर्शन, संगठन ने बनाई रणनीति, हारे वार्डों की दी जाएगी जिम्मेदारी
2 min read
• •
Updated: 24 Feb 2018, 10:54 AM IST
Feature image

इंदौर। महापौर मालिनी गौड़ के नेतृत्व वाली परिषद में तीन साल बाद एल्डरमैन की नियुक्तियां हुईं। इसे भी २५ दिन से अधिक हो गया है, लेकिन अब तक शपथ विधि समारोह नहीं हो सका। हालांकि उन्हें दायित्व का अहसास कराने के लिए संगठन सम्मान समारोह कराने जा रहा है। चर्चा है कि सभी एल्डरमैन को हारे हुए वार्ड की जिम्मेदारी दी जाएगी।
वैसे तो नगर निगम चुनाव के बाद ही सरकार एल्डरमैनों की नियुक्ति कर देती है, लेकिन भाजपा में ऐसे पदों पर नियुक्ति बड़े ही आराम से करने की परंपरा बनी हुई है। महापौर मालिनी गौड़ का कार्यकाल आधे से अधिक हो गया तब जाकर पार्टी में नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हुई। कुछ समय चली उठापटक के बाद में ३१ जनवरी को अजय करोतिया, सुरेश कुलवाड़े, वीरेंद्र रघुवंशी, भरत रघुवंशी, संगीता सातालकर और पूनम माली नियुक्तियां की गईं। मजेदार बात ये है कि घोषणा को आज २५ दिन हो गए हैं, लेकिन अब तक एल्डरमैनों को शपथ नहीं दिलाई जा सकी है। कायदे से नगर निगम की तरफ से जिला प्रशासन को प्रस्ताव जाता है। उसके बाद तारीख व समय तय करके कलेक्टर उन्हें शपथ दिलाते हैं। अब तक निगम ने ऐसी कोई प्रकिया नहीं की तो भाजपा संगठन ने भी निगम को तलब नहीं किया कि आखिर लेट- लतीफी क्यों हो रही है? इधर, नव नियुक्त एल्डरमैन हाथ पर हाथ रखकर बैठे हैं। स्थिति को देखते हुए पार्टी ने २५ फरवरी रविवार को दीनदयाल भवन पर एक सम्मान समारोह रखा है। सभी एल्डरमैनों को कहा गया है कि वे शक्ति प्रदर्शन करें। इसके जरिए एल्डरमैन तो ठीक उनके समर्थक क्षेत्र में माहौल बनाने का प्रयास करेंगे।

जहां पर पार्षद नहीं, वहां की जिम्मेदारी

गौरतलब है कि ८५ वार्डों में भाजपा ने ६५ जगहों पर जीत दर्ज की थी। इसके अलावा भी पांच वार्ड में बागियों ने झंडा बुलंद किया। कांग्रेस के खाते में मात्र १५ पार्षद ही आए थे। इन वार्डों में भी अपनी पकड़ को मजबूत बनाने के लिए पार्टी ने रणनीति बनाई है कि सभी एल्डरमैनों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। वे पूरे समय सक्रिय रहकर काम करेंगे। पार्टी का मानना है कि चुनाव हारने के बाद में क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं के काम नहीं होते हैं। कांग्रेसी पार्षद जानबूझकर काम नहीं करते हैं। एल्डरमैन के माध्यम से कार्यकर्ता काम करा सकते हैं ताकि जनता में भी पार्टी की पकड़ मजबूत बनी रहे।

Published on: