बेटे की हत्या के आरोपी को पदाधिकारी बनाने से थीं नाराज
इंदौर। राम जन्मभूमि के समय भाजपा में काम करने वालों को अच्छी नजर से नहीं देखा जाता था। समाज के ताने सुनने के बावजूद मेरे पति ने संगठन का काम करना बंद नहीं किया। हमने पार्टी से कभी कुछ नहीं मांगा, अब वह दुनिया में नहीं हैं, तो कम से कम अन्याय तो मत करो। मेरे बेटे की हत्या के आरोपियों को पदाधिकारी बनाया जा रहा है।
अमितेष नगर स्थित सख्खर पैलेस में नगर भाजपा की बैठक थी। चर्चा का दौर चल रहा था कि भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के नगर अध्यक्ष रहे मुबारिक खान की पत्नी तसलीमा पहुंच गईं। वे हाल ही में अल्पसंख्यक मोर्चा नगर अध्यक्ष मंजूर अहमद के बेटे सोहेल खान को मीडिया प्रभारी बनाने से नाराज थीं।
कहना था कि मेरे पति ने मुस्लिम बस्तियों में जाकर पार्टी को खड़ा करने में पूरी जान लगा दी। पूरा जीवन पार्टी को दे दिया। एक मई को उनकी बरसी है, लेकिन मैं कोई कार्यक्रम नहीं करूंगी। जब तक मेरे बेटे की हत्या के आरोपी को नहीं हटाया जाता, मैं आंदोलन करूंगी। भाजपा कार्यालय पर धरना दूंगी।
वहां लगी मेरे पति की तस्वीर भी हटाऊंगी। उनका कहना था कि मंजूर को पदाधिकारी भी उन्होंने ही बनाया था, लेकिन ये धोखेबाज निकला। ये सुनने के बाद मोर्चा के वरिष्ठ नेता इजराइल खान भड़क गए और कहा कि कहां है मंजूर... मैं बताता हूं नेतागीरी... मेरे भतीजे के कातिलों को पदाधिकारी बना रहा है। इस पर तुरंत भाजपा नेता सक्रिय हुए और मामले को ठंडा किया।
कैलाश समर्थक छोड़ बाकी हटाए
गौरतलब है कि अल्पसंख्यक मोर्चा नगर अध्यक्ष मंजूर अहमद ने नए पदाधिकारियों की दो दिन पहले घोषणा कर दी। बताते हैं कि उससे पहले वे नगर भाजपा अध्यक्ष कैलाश शर्मा से भी मिले थे। इसका असर पदाधिकारियों की सूची पर साफ नजर आ रहा है।
शर्मा के समर्थक साजिद रायल और इम्तियाज मेमन को छोड़कर बाकी सबको हटा दिया गया। ये सभी पदाधिकारी विधायक सुदर्शन गुप्ता, उषा ठाकुर और महेंद्र हार्डिया से जुड़े हुए थे। कई ऐसों को भी बना दिया गया, जिनका आपराधिक रिकार्ड है।