खुद की विधानसभा सहित सभी के जाने हाल, एक-एक कर बंद कमरें में हुई मुलाकात
इंदौर। विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा की नींद उड़ी हुई है। प्रदेश अध्यक्ष ने दीनदयाल भवन पर इंदौर के प्रमुख नेताओं से वन टू वन बात की। विधायकों से खुद के क्षेत्र पर बात की तो सभी विधानसभाओं में पार्टी की स्थिति को समझने का प्रयास किया। एक तरह से वे चाशनी ले रहे थे कि जिले की ९ सीट पर क्या स्थिति बन रही है।
संघ, भाजपा और सरकार ने एक दौर का अंदरूनी सर्वे करा लिया है जिसमें पार्टी की हालत पतली बताई जा रही है। उसके चलते भाजपा नेताओं के माथे पर चिंता की लकीर खिची हुई तो संघ भी खासा गंभीर है। जिला स्तर पर समन्वय बैठकों के दौर चल रहे हैं जिसके चलते कल इंदौर में तिलक नगर स्थित एक स्कूल में सुबह से शाम तक बैठक चलती रही। दोपहर में एक से दो बजे के बीच विराम लिया गया था।
उस बीच में प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने शहर के प्रमुख कुछ भाजपा नेताओं से वन टू वन मुलाकात की। मिलने वालों में मंत्री तुलसीराम सिलावट, विधायक आकाश विजयवर्गीय, मालिनी गौड़, महेंद्र हार्डिया व वरिष्ठ नेता गोपी नेमा से वन टू वन बात की। एक-एक कर सभी से अपनी-अपनी विधानसभाओं की जानकारी ली। पूछा कि क्या चल रहा है और कैसा चल रहा है? बताते हैं कि उसके बाद शर्मा ने ये भी पूछा कि अन्य विधानसभाओं की क्या स्थिति है।
आपको कौन-कौन सी विधानसभा की स्थिति कमजोर लग रही है। इधर-उधर की चर्चा के बाद में शर्मा ने उनकी विधानसभा की सर्वे रिपोर्ट की भी जानकारी भी दी। जिसके साथ उन्होंने खामियों को दूर करने का भी बोला और कहा कि कहां-कहां सुधार किया जा सकता है, विधानसभा को सुधारने के लिए किसकी जरूरत है। हालांकि जनप्रतिनिधियों को शर्मा ने ज्यादा समय नहीं दिया। थोड़ी-थोड़ी देर में चर्चा करके उन्हें रवाना कर रहे थे। रात को शर्मा का भोजन प्रदेश के सह मीडिया प्रभारी टीनू जैन के घर था जिसमें शहर के प्रमुख भाजपा नेता और जैन समाज के कुछ प्रतिनिधि मौजूद थे।
मुरलीधर राव आए इंदौर
प्रदेश भाजपा के प्रभारी मुरलीधर राव कल देर रात को इंदौर पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे व वरिष्ठ नेता मधु वर्मा ने किया। दीनदयाल भवन में रात रूकने के बाद आज सुबह वे शाजापूर दौरे पर निकल गए जहां वे संगठन की विभिन्न बैठकों में शामिल होंगे। कल वे आगर पहुंचेंगे जहां वे संगठन की बैठकें लेंगे। शाम 5 बजे चलकर इंदौर आएंगे और हैदराबाद के लिए रवाना होंगे।
कैसे बने सकारात्मक वातावरण
संघ की समन्वय बैठक में प्रांत प्रचारक, प्रांत कार्यवाह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शर्मा, संभागीय प्रभारी राघवेंद्रसिंह सहित विहिप, बजरंग दल, अभाविप, मजदूर संघ, किसान संघ सहित विभिन्न अनुसांगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक दो चरणों में हुई। पहला चरण सुबह नो से एक बजे के बीच था तो दूसरा दो से शाम छह बजे के बीच में रहा।
चर्चा के दौरान मंथन हुआ कि समाज में कैसे सकारात्मक माहौल तैयार हो। सभी अलग-अलग संगठनों ने अपनी-अपनी बात रखी। किसान संघ ने किसानों की ब्याज माफी की बात कही। हम्माल संघ ने अपना पक्ष रखा। विहिप ने मंदिरों को तोड़े जाने का मुद्दा उठाया और कहना था कि सभी पर समान कार्रवाई होना चाहिए, लेकिन हमेशा मंदिरों को ही हटाने की कार्रवाई होती है।