
Airbnb party in indore: मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में बिना प्रशासनिक अनुमति आयोजित की जा रही एक पार्टी पर बड़ा अपडेट सामने आया है। बता दें कि पुलिस ने अब एयरबीएनबी के मालिक को भी आरोपी बनाया है क्योंकि उन्होंने किराएदारों की जानकारी थाने में नहीं दी थी। साथ ही 6 अन्य पर केस दर्ज कर लिया गया है।
एसीपी सेनी के मुताबिक, मामले में आयोजक दुर्गेश, प्रिंस, हर्षित और दो युवतियां को बिना अनुमति इवेंट करने के आरोपी में गिरफ्तार किया गया है। प्रथम दृष्टया पुलिस आयुक्त के आदेशों का उल्लंघन पाए जाने पर थाना लसूड़िया में सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 223 बीएनएस के तहत केस दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
बता दें कि बीते दो दिन पहले इंदौर शहर में कानून व्यवस्था की खुलेआम धज्जियां उड़ाने पर पुलिस टीम ने देर रात एक मकान में दबिश देकर आयोजकों की हाउस पार्टी पर पानी फेर दिया है। देर रात पुलिस ने तुलसी नगर स्थित एक मकान में बिना अनुमति आयोजित की जा रही हाउस पार्टी पर दबिश देकर 6 आरोपियों पर केस दर्ज किया है। मकान मालिक को भी आरोपी बनाया है। बताया जा रहा है कि पुलिस को मौके पर नशाखोरी होने की इनपुट मिली थी।
एसीपी पराग सैनी ने बताया, पुलिस को सोशल मीडिया और मुखबिरों से तुलसी नगर में एक निजी स्कूल के पास अवैध ड्रग्स और आफ्टर पार्टी होने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस टीम ने पार्टी शुरू होते ही देर रात दबिश दी। टीम को मौके पर करीब 25 से 30 युवक युवतियां पार्टी करते मिले। पूछताछ में सामने आया कि आयोजन के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई थी। यह पार्टी करने के लिए एयरबीएनबी' के माध्यम से मकान किराए पर लिया था। पुलिस ने मौके से डीजे सेटअप और शराब की खाली बोतलें बरामद की हैं, जिसके बाद पूरे फ्लैट को सील कर दिया गया है।
एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम, पार्टी या इवेंट से पूर्व आवश्यक वैधानिक अनुमति जरूर लें। साथ ही, मकान मालिकों और प्रबंधकों के लिए यह अनिवार्य है कि वे नियमों के तहत अपने किराएदारों की सूचना संबंधित थाने को दें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसलिए सभी को इन बातों का विशेष ध्यान रखना जरूरी है।