
इंदौर. सेंट्रल जेल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट मानिकचंद भामोर को शुक्रवार को अचानक दिल का दौरा पड़ गया। कर्मचारी उन्हें अस्पताल ले जाते, लेकिन इससे पहले ही उनकी मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार दोपहर की है। सेंट्रल जेल के उप जेलर मानिकचंद भामोर (54) शुक्रवार को अन्य कार्यदिवस की तरह कार्यालय पहुंचे और अपने काम में व्यस्त हो गए। कुछ देर बाद उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी। इसके बाद वे बेहोश हो गए। जैसे ही इसकी जानकारी साथी कर्मचारियों को लगी तो उन्होंने जेल में ही उन्हें प्रारंभिक उपचार देने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो सके। जेल में अन्य उपचार की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं थी। इसके बाद साथी उन्हें लेकर एमवाय अस्पताल के लिए निकले। अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में भामोर ने दम तोड़ दिया। जेल में उपचार की सुविधा उपलब्ध नहीं होने से जेल प्रशासन की बड़ी लापरवाही भी सामने आई है।