
jitu patwari relative sanjay patel attack case, जीतू पटवारी के रिश्तेदार संजय पटेल पर जानलेवा हमला (source-patrika)
Indore Jitu Patwari Relative Attack: मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के रिश्तेदार (साला) संजय पटेल पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इंदौर जिले की मानपुर पुलिस के अनुसार यशवंतनगर निवासी संजय पटेल पर एबी रोड स्थित पंजाबी ढाबे के पास कार से टक्कर मारने के बाद लाठी, डंडों और तलवार से हमला किया गया। हमले में संजय गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें पहले मानपुर अस्पताल, फिर इंदौर रेफर किया गया। उल्लेखनीय है कि घटना से दो दिन पहले नाली निर्माण को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था मानपुर थाने में दोनों पक्षों पर एफआइआर भी दर्ज हुई थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विष्णुप्रसाद पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उनका भतीजा संजय पटेल रविवार सुबह मोटरसाइकिल से खेत पर दूध निकालने जा रहा था। वह स्वयं भी पीछे-पीछे खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पंजाबी ढाबे के पास एक सफेद रंग की कार ने संजय की मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क किनारे गिर गया। इसके बाद कार चालक ने कार रिवर्स लेकर संजय के ऊपर चढ़ाने का प्रयास किया। इसके बाद कार से उतरकर मिथुन ठाकुर निवासी यशवंतनगर, धनसिंह ठाकुर, विरेन सिंह पटेल तथा अन्य साथियों ने संजय को घेर लिया। आरोपियों ने लाठी और तलवार से हमला किया। परिजनों का दावा है कि हमले में संजय के दोनों हाथ और दोनों पैरों में गंभीर फ्रैक्चर हुए हैं।
घटनाक्रम की शुरुआत 12 जून को नाली निर्माण को लेकर हुए विवाद से हुई थी। संजय पटेल ने सुभाष ठाकुर, धनसिंह ठाकुर, गणेश ठाकुर और मिथुन ठाकुर पर मारपीट, गाली-गलौज, घर में घुसकर तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए थे। वहीं दूसरी ओर जयंत पिता राजेन्द्र ठाकुर ने संजय पटेल, राहुल पटेल, जयेस पटेल और मुन्नीबाई पटेल पर मारपीट, पत्थरबाजी और धमकी देने का आरोप लगाया था। दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए थे।
संजय पटेल पर हुए जानलेवा हमले के बाद यशवंतनगर सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण और परिजन मानपुर थाने पहुंच गए। उन्होंने नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना था कि हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले में अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में आक्रोश है। थाना प्रभारी महेंद्र मकाश्रे ने आश्वस्त किया कि पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
14 Jun 2026 09:57 pm
Published on:
14 Jun 2026 09:49 pm
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
