
nagod royal family shooting case, नागौद राजघराने के रुपवेन्द्र सिंह, गोली लगने से घायल पत्नी योगिता सिंह और कथित प्रेमिका सुनीता सिंह (source-patrika)
Nagod Royal Family Shooting case: मध्यप्रदेश के सतना जिले के नागौद राजघराने की परमनिया गढ़ी में हुई फायरिंग (Nagod Royal Family shooting case) की घटना पूरे जिले में चर्चाओं का विषय बनी हुई है। गोली लगने से घायल हुईं राजपरिवार की बहू योगिता सिंह (Yogita Singh) अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है। अब इस मामले में नया मोड़ सामने आया है और घटना से जुड़े कुछ वीडियो सामने आए हैं, जिनमें राजघराने के सदस्य रुपेन्द्र सिंह के साथ मारपीट होती नजर आ रही है। मारपीट में उनके कपड़े तक फट गए हैं और खून बहता भी दिख रहा है।
रुपेन्द्र सिंह ने पूरे घटनाक्रम को लेकर अपना पक्ष पत्रिका के सामने रखा है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को लगभग सवा तीन बजे वे अपनी गढ़ी के पोर्च में बैठे हुए थे। तभी मेरी पत्नी योगिता सिंह, पत्नी के भाई नागेन्द्र सिंह राठौर, बेटे प्रिथु देव सिंह सहित तीन अज्ञात लोग गढ़ी के पीछे स्थित पेट्रोल पंप की ओर से आए। इन्होंने आते ही पीछे से मेरे सिर पर वार किया, जिससे मेरा चश्मा टूट गया। अचानक हुए हमले से हड़बड़ाकर मैंने गाली देकर पूछा कि कौन है? इसके बाद दो लोगों ने मुझे दबोच लिया। मुझे पोर्च से उठाकर अंदर गैलरी पर ले गए। वहां जो फोटो लगी हुईं थीं उन्हें निकाल-निकाल कर मुझे मारना शुरू कर दिया। पूरा फर्श टूटे हुए कांचों से भर गया था, सिर से खून बहने लगा था।
रुपेन्द्र सिंह के मुताबिक मेरे साथ हो रही मारपीट को देख सुनीता अंदर से बाहर आने लगी। यह देख योगिता के भाई और अन्य लोगों ने उसे बाहर नहीं आने को कहा और गाली देने लगे। तभी ग्रैंड फादर की बड़ी तस्वीर लगी थी, उसे निकाल कर फिर से मुझ पर हमला किया, फोटो का कांच काफी मोटे थे, जिससे खून और ज्यादा बहने लगा। यह देख सुनीता ने चिल्लाया कि दादा भाई को छोड़ दीजिए, इस पर फिर सुनीता के साथ गाली गलौज करने लगे और मुझे मारने लगे। स्थिति ज्यादा बिगड़ती देख सुनीता ने कमरे के अंदर से हवाई फायर करने शुरू कर दिए। तीन गोलियां दीवार पर लगीं, चौथी गोली दीवार से टकराकर पत्नी को जा लगी। इस दौरान तक पुलिस भी पहुंच गई थी, उन्होंने घटनास्थल भी देखा है। पत्नी और उनके साथ आए लोगों ने मेरा मोबाइल भी छीन लिया है। इस घटनाक्रम के बाद एमएलसी कराई है और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गोली लगने से गंभीर रूप से घायल योगिता सिंह का रीवा के विंध्या अस्पताल में करीब घंटे भर ऑपरेशन चला। उनकी हालत स्थिर है और चिकित्सक लगातार उनकी हालत पर नजर रखे हुए हैं। योगिता सिंह का ऑपरेशन करके चिकित्सकों ने पेट के अंदर से गोली निकाली है। गोली को अस्पताल प्रबंधन ने सुरक्षित रख लिया है, जिसे जांच के लिए सतना पुलिस को सौंपा जाएगा।
रीवा में योगिता सिंह की मां नरेंद्र कुमारी ने मीडिया को बताया कि एक साल पहले भी उनकी बेटी को घर से निकाल दिया था। बेटी और दामाद रुपेन्द्र सिंह बाबा राजा के बीच महिला मित्र को लेकर विवाद चल रहा है। उनकी बेटी की शादी वर्ष 2000 में हुई थी और उनका 25 साल का बेटा है। दामाद रुपेन्द्र सिंह ने अपने पिता की मौत के बाद सुनीता सिंह परिहार गढ़ी में ही रख लिया था, जिसको लेकर उनके बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार को जब बेटी योगिता और उनके बेटे परसमनिया गढ़ी गए तो दामाद ने उनको धक्का देकर बाहर निकालने का प्रयास किया और बाहर बैठकर वे अपनी महिला मित्र से गोली मारने के लिए बोलते रहे। जिस पर सुनीता ने कमरे के अंदर से फायरिंग की थी।
Updated on:
13 Jun 2026 04:32 pm
Published on:
13 Jun 2026 04:20 pm
बड़ी खबरें
View Allसतना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
