इंदौर

Rahul Gandhi: इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ का क्रेज, 50000 से ज्यादा रजिस्ट्रेशन का दावा, अब तक जगह फाइनल नहीं!

Chhatron Ki Goonj: इंदौर में 19 सितंबर को प्रस्तावित राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए अब तक 50 हजार से ज्यादा लोगों ने रजिस्ट्रेशन करा लिया है। कांग्रेस ने किया दावा।
2 min read
Sep 07, 2026
chhatron ki goonj rahul gandhi indore collector congress meeting
Rahul Gandhi: इंदौर में Chhatron Ki Goonj कार्यक्रम के लिए 50 हजार लोगों ने कराया रेजिस्ट्रेशन, कांग्रेस का दावा (फोटो सोर्स- Rahul Gandhi IG Handle)

Rahul Gandhi: कांग्रेस ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' (Chhatron Ki Goonj) कार्यक्रम के लिए इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा से मुलाकात की है। कलेक्टर से रीजनल पार्क के सामने वाली जमीन पर अनुमति मांगी है। कांग्रेस ने कार्यक्रम के लिए 50 हजार से ज्यादा छात्रों के रजिस्ट्रेशन का दावा किया है।

कलेक्टर ने कहा- विचार कर बताएंगे

इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के साथ कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल रविवार को कलेक्टर से मिला। इसमें जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, सत्यनारायण पटेल, दीपू यादव, राजू भदौरिया, अमन बजाज और राजेश चौकसे शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने पत्र सौंपकर कलेक्टर से कहा कि कार्यक्रम के लिए रीजनल पार्क के पास खुले मैदान पर अनुमति दी जाए। इस पर कलेक्टर ने जल्द विचार करने का आश्वासन दिया है। इसके अलावा कांग्रेस ने खंडवा रोड देवी अहिल्या विश्वविद्यालय मैदान या जीएसीसी के पीछे वाले मैदान की भी मांग की है। चौकसे ने कहा कि राहुल के कार्यक्रम के लिए युवाओं में खासा क्रेज है। अब तक 50 हजार से ज्यादा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं।

महिला कांग्रेस का संपर्क अभियान

प्रदेश सह प्रभारी उषा नायडू और शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक ली। इसमें ब्लॉक, वार्ड और बूथ कमेटियों को बूथ स्तर तक युवाओं को कार्यक्रम से जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई। महिला कांग्रेस का प्रदेशभर में संपर्क अभियान रविवार को भी जारी रहा। प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया नर्मदापुरम पहुंचीं और छात्राओं से संवाद किया। छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन कर इंदौर आने का वादा किया।

भाजपा ने वेन्यू को लेकर लगाया अड़ंगा

बता दें कि, करीब चार दिन पहले भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने भारत जोड़ो मैदान में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर पुलिस आयुक्त और जिला कलेक्टर को शिकायत दी थी। उन्होंने अपनी शिकायत देकर कहा था कि 19 सितंबर को शाम 5 बजे भारत जोड़ो मैदान में कार्यक्रम का पोस्टर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है। पोस्टर में राहुल गांधी के साथ जुड़ने और कार्यक्रम में शामिल होने के लिए क्यूआर कोड के माध्यम से रजिस्ट्रेशन का आह्वान किया गया है।

प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव कहा कि जिस जमीन को कार्यक्रम स्थल बताया जा रहा है, उसके स्वामित्व और अधिपत्य को लेकर आइडीए से संबंधित न्यायालयीन विवाद की स्थिति है। ऐसे में प्रशासन यह जांच करें कि आयोजकों ने जमीन के उपयोग के लिए आइडीए या सक्षम प्राधिकारी से अनुमति ली है या नहीं। उन्होंने कहा कि अनुमति नहीं होने की स्थिति में कार्यक्रम की तैयारियों को तत्काल रोका जाना चाहिए।

Updated on:
07 Sept 2026 10:00 am
Published on:
07 Sept 2026 10:00 am