इंदौर

इंदौर में सिटी ई-बस ने 3 को कुचला, 1 की मौत 2 घायल, भीड़ ने बस में की तोड़फोड़

E-Bus Accident Indore : इंदौर में हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने बस पर जमकर तोड़फोड़ और पथराव कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित कर हालात को काबू में लिया।
2 min read
E-Bus Accident Indore
हादसे के बाद मौके पर मची अफरा तफरी (फोटो सोर्स: Patrika)

Indore News : मध्य प्रदेश के आर्थिक शहर इंदौर के राजबाड़ा इलाके में रविवार को सरकारी सिटी बस (PM बस सेवा) ने 3 लोगों को कुचल दिया। आपको बता दें कि, ये पहली बार है, जब प्रदेश में ई-बस से कोई सड़क हादसा हुआ है। इस भीषण हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है। घटना की जानकारी लगते ही मौके पर पुहंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जबकि मृतक का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया।

शहर के सबसे अधिक भीड़भाड़ वाले इलाके में से एक राजबाड़ा में ई-बस चालक की लापरवाही से हुए इतने बड़े हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों की भीढ़ आक्रोशित हो गई। भीड़ ने चारों तरफ से बस को घेरकर अंदर बैठी सवारियों को बाहर निकाला। इसके बाद भीड़ ने बस पर पथराव कर ईंट-पत्थरों से तोड़फोड़ शुरु कर दी। हमले में बस के कई कांच तक फूट गए।

ड्राइवर की लापरवाही के चलते हुआ हादसा

हादसे की जानकारी देते हुए एमजी रोड थाना प्रभारी विजय सिसौदिया ने बताया कि, हादसा राजबाड़ा इलाके में हुआ है। शुरुआती पड़ताल के अनुसार, सिटी बस के ड्राइवर की लापरवाही के चलते सड़क से गुजर रहे तीन लोग बस की चपेट में आ गए। हादसे के बाद तीनों को एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। जबकि, अन् दो घायलों की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।

तीनों की पहचान नहीं हुई

थाना प्रभारी विजय सिसौदिया के मुताबिक, हादसे में मृत व्यक्ति और दोनों घायलों की अभी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस उनकी पहचान की जानकारी जुटा रही है। पहचान होने के बाद पुलिस उनके परिजन तक सूचना पहुंचाएगी।

Updated on:
27 Sept 2026 04:22 pm
Published on:
27 Sept 2026 03:46 pm