इंदौर

पीएम मोदी की यात्रा के दौरान तीन घंटे बीआरटीएस पर बाधित रहेगा ट्रैफिक

२३ को आएंगे, आयोजन की तैयारियां जोरों पर
2 min read
• •
Updated: 19 Jun 2018, 1:43 AM IST
Indore
पीएम की सभा के लिए नेहरू स्टेडियम में चलती तैयारियां।

पत्रिका
इंदौर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 जून की शाम नेहरू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में करीब डेढ़ घंटे रहेंगे। उनकी यात्रा को देखते हुए बीआरटीएस पर उस दिन करीब 3 घंटे ट्रैफिक बंद करने की तैयारी है। पुलिस डायवर्शन प्लान बना रही है।
अभी तक के तय कार्यक्रम के मुताबिक, सुबह एयरपोर्ट पर आकर प्रधानमंत्री हेलीकाप्टर से सीधे राजगढ़ चले जाएंगे। दोपहर 3.30 बजे से 4 बजे के बीच वे वापस एयरपोर्ट पर आएंगे। पहले तय किया जा रहा था कि प्रधानमंत्री का हेलीकाप्टर पीटीसी में उतारा जाए और वहां से सड़क मार्ग द्वारा नेहरू स्टेडियम पहुंचे। अब नया प्लान बना है, जिसके तहत वापसी में प्रधानमंत्री एयरपोर्ट पर ही उतरेंगे और फिर वहां से सड़क मार्ग द्वारा उन्हें नेहरू स्टेडियम लाया जा सकता है। प्रधानमंत्री की यात्रा
के करीब 10 मिनट पहले वीआईपी रोड का ट्रैफिक भी रोका जा सकता है।
बीआरटीएस पर करीब तीन घंटे ट्रैफिक पर प्रतिबंध की तैयारी है। इस दौरान वाहनों का डायवर्शन लागू होगा, वाहन दूसरे रास्ते से आगे जा सकेंगे। डीआईजी हरिनारायणाचारी मिश्र के मुताबिक, ट्रैफिक को लेकर जल्द ही प्लान को अंतिम रूप दिया जाएगा । सुरक्षा को देखते हुए अभी से पुलिस फोर्स ने स्टेडियम के आसपास के इलाके में सर्चिंग शुरू कर दी है। जल्द ही एसपीजी के अफसर इंदौर आकर पूरी व्यवस्था की कमान अपने हाथ में लेंगे।

पीएम के हाथों महाकाल एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाने का प्रयास
इंदौर ञ्च पत्रिका. इंदौर से सोमनाथ के लिए जाने वाली स्पेशल साप्ताहिक ट्रेन के चलाए जाने को लेकर रेलवे की घोषणा हो चुकी है। अब कोशिश की जा रही है कि इस ट्रेन को प्रधामंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों हरी झंडी दिखाई जाए। इस कार्यक्रम को लेकर अब तक न तो कोई घोषणा हुई है, लेकिन अंदरूनी तौर पर ट्रेन की शुरुआत को लेकर योजना बनाई जा रही है जो एक-दो दिन में पूरी कर ली जाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार वे २३ जून की दोपहर इंदौर आएंगे। प्रधानमंत्री की यात्रा का लाभ उठाते हुए रेलवे द्वारा इंदौर से वेरावल के लिए जाने वाली महाकाल एक्सप्रेस का शुभारंभ भी कराने की योजना बना रहा है। चूंकि २३ जून को लोकसभा अध्यक्ष व सांसद सुमित्रा महाजन इंदौर में ही है। इसके अलावा रेल मंत्री पीयूष गोयल को भी निमंत्रण दिया जा सकता है।

Published on: