
Indore news: मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में कांग्रेस ने आगामी नगर निगम चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। इसके चलते बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के विधानसभावार सम्मेलन होंगे, जिनमें बीएलए को ट्रेंड किया जाएगा। साथ ही जो बीएलए सक्रिय नहीं हैं उन्हें पदमुक्त कर नई नियुक्ति की जाएगी। ट्रेनिंग 14 दिसंबर से 14 जनवरी के बीच दी जाएगी। इसके बाद बीएलए अपने- अपने बूथ के अंतर्गत आने वाली एक-एक गली में जाकर जनता की समस्या उठाएंगे और घर-घर संपर्क करेंगे।
शहर कांग्रेस कमेटी ने अगले साल होने वाले निगम चुनाव को लेकर तैयारी अभी से शुरू कर दी है। एक तरफ जहां संगठन को मजबूत करने के लिए 24 ब्लॉक अध्यक्ष बनाने के बाद कमेटी बना दी गई है, वहीं दूसरी तरफ वार्ड अध्यक्ष और प्रभारी बनाने सहित कमेटी का गठन कर दिया गया है। साथ ही पन्ना प्रभारी बनाने की तैयारी है। अब शहर की पांचों विधानसभा में आने वाले 1680 बूथ पर बनाए गए बीएलए को ट्रेंड किया जाएगा। इसके लिए विधानसभावार सम्मेलन 14 दिसंबर से 14 जनवरी के बीच होंगे।
शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि बीएलए के विधानसभावार होने वाले सम्मेलन को लेकर तारीख तय की जा रही है। प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, सज्जन सिंह वर्मा और प्रदेश की सह प्रभारी उषा नायडू की मौजूदगी में सम्मेलन होंगे। बीएलए को बताया जाएगा कि बूथ पर काम कैसे करना है। कांग्रेस की रीतिनीति को जनता तक कैसे पहुंचाना है। अपने बूथ के अंतर्गत आने वाली एक-एक गली में जाकर जन समस्या को उठाना और घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करना है। उन्होंने कहा कि कई बीएलए के काम न करने और सक्रिय न रहने की आ रही शिकायतों के चलते उन्हें पदमुक्त करते हुए नई नियुक्ति की जाएगी। बूथ अंतर्गत आने वाले वरिष्ठ नेता को प्रभारी बनाकर बूथ जिताने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि कमजोर संगठन की वजह से कांग्रेस को नगर निगम, विधानसभा और लोकसभा चुनाव में हार का मुंह देखना पड़ता है, क्योंकि प्रत्याशी को संगठन की तरफ से कोई मदद नहीं मिलती और वे अपने बलबूते पर ही चुनाव लड़ते हैं। आगामी निगम, विधानसभा और लोकसभा चुनाव में प्रत्याशियों को संगठन की तरफ से पूरी मदद मिले इसके लिए शहर अध्यक्ष चौकसे निचले स्तर से तैयारी करने के साथ पार्टी को मजबूत करने में लगे हैं।