पुलिस गिरफ्त में आए आरोपी कांग्रेस सेवादल का पूर्व जिला अध्यक्ष और कांग्रेस नेता है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बारे में अपशब्द कहने वाले आरोपी को इंदौर पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि, आरोपी युवक शहर से भागने की फिराक में था, इसी बीच पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस गिरफ्त में आए आरोपी कांग्रेस सेवादल का पूर्व जिला अध्यक्ष और कांग्रेस नेता है।
आपको बता दें कि, शुक्रवार को मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के विजय नगर थाना इलाके के अंतर्गत आने वाले सत्य साईं चौराहे पर कांग्रेसियों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया था। इसी दौरान कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष समेत पार्षद गण और कांग्रेस नेता भी मौजूद थे। विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सेवादल के पूर्व अध्यक्ष चंद्रशेखर पटेल ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के चेहरे को लेकर अभद्र टिप्पणी की थी। उनकी इस अभद्र टिप्पणी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर खासा वायरल हो गया था।
भाजपा ने दर्ज कराई थी FIR
वीडियो वायरल होने के बाद देर शाम बीजेपी कार्यकर्ता और नगर अध्यक्ष ने बड़ी संख्या में विजय नगर थाने पहुंचकर इस मामले में एफआईआर दर्ज करवाई थी। पुलिस ने धारा 188 और 505 के तहत केस दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी थी।
चंद्रशेखर पटेल गिरफ्तार, अन्य नेताओं पर केस दर्ज
वायरल हो रहे वीडियो की जांच पड़ताल वीडियो में अपशब्दों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने कांग्रेस के पूर्व सेवादल अध्यक्ष चंद्रशेखर पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने चिंटू चौक से राजू भदोरिया समेत अन्य नेताओं पर भी मामला दर्ज किया है।