इंदौर

Indore News : कांग्रेस की नारी सम्मान योजना, शहर में कोई हलचल नहीं

इंदौर शहर अध्यक्ष के न होने से अब पडऩे लगा है फर्क

2 min read
May 06, 2023
Indore News : कांग्रेस की नारी सम्मान योजना, शहर में कोई हलचल नहीं

इंदौर. कांग्रेस तीन दिन बाद नारी सम्मान योजना शुरू करने जा रही है। इसे लेकर शहर में कोई हलचल नहीं है। कारण शहर अध्यक्ष का नहीं होना है। इसके चलते अध्यक्ष न होने पर जिले के प्रभारी को संगठन की जिम्मेदारी दी गई, किंतु वे भी ध्यान नहीं दे रहे हैं। शहर कांग्रेस अध्यक्ष के न होने से अब फर्क पडऩे लगा है, मगर नियुक्ति कब होगी पता नहीं है।

इस वर्ष नवंबर में विधानसभा चुनाव होना है। इसे देखते हुए भाजपा ने शहर में अपने कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना शुरू कर दिया है। साथ ही बूथ को मजबूत करने के लिए संगठन स्तर पर बैठक और अभियान भी चलाए जा रहे हैं, किंतु शहर कांग्रेस में संगठन मजबूती और प्रदेश कांग्रेस कमेटी की तरफ से जारी होने वाले कार्यक्रमों को लेकर कोई हलचल नहीं है। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बूथ मैनेजमेंट जमाने को लेकर न तो बैठक हो रही और न ही कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा रहा है। ऐसे में कांग्रेस फिर से प्रदेश में सत्ता हासिल करने के सपने देख रही है। अब यह सपना पूरा होगा या नहीं ये तो वक्त आने पर ही पता चलेगा।

इधर, सत्ता हालिस करने के लिए भाजपा की लाड़ली बहना योजना के जवाब में कांग्रेस नारी सम्मान योजना तीन दिन बाद यानी 9 मई को शुरू करने जा रही है। इसके तहत घर-घर जाकर महिलाओं से फॉर्म भरवाकर वादा किया जाएगा कि कांग्रेस की सरकार बनते ही महिलाओं को 500 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर और हर महीने 1500 रुपए सम्मान निधि दी जाएगी। प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ के छिंदवाड़ा क्षेत्र से यह योजना शुरू होगी। इसके साथ ही प्रदेश के हर जिले में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके योजना के बारे में बताया जाएगा।

इंदौर में कोई प्लानिंग नहीं

इंदौर जिले के लिए जिम्मेदारी वरिष्ठ नेता अरुण यादव और शोभा ओझा को दी गई है। योजना के बारे में घोषणा तो हो जाएगी पर बाद में इस पर शहर में कैसे काम होगा? इसे लेकर कोई हलचल और प्लानिंग नहीं है। वजह शहर कांग्रेस अध्यक्ष का न होना बताया जा रहा है। पिछले सवा तीन महीने से नियुक्ति अटकी है। ऐसे में कांग्रेस ने इंदौर जिले के प्रभारी महेंद्र जोशी को शहर संगठन को चलाने की जिम्मेदारी दी है, जो ध्यान नहीं दे रहे हैं। नतीजतन प्रदेश कांग्रेस की तरफ से आने वाले कार्यक्रमों को लेकर शहर में कोई गतिविधि नहीं होती है। अध्यक्ष के न होने पर प्रभारी जोशी के शहर कांग्रेस की कमान संभालने के बाद न तो हाथ से हाथ जोड़ो अभियान सही ढंग से चला और न ही कांग्रेस नेता सहित कार्यकर्ताओं के घर पार्टी का झंडा लगाने का अभियान चला। अब तीन दिन बाद कांग्रेस की शुरू होने वाली नारी सम्मान योजना शहर में कैसे चलेगी? इसको लेकर अभी कोई प्लानिंग नहीं है जबकि घर-घर जाकर महिलाओं से फॉर्म भरवाना है।

Published on:
06 May 2023 10:41 am
Also Read
View All