इंदौर

Indore News : कांग्रेस के दिग्गज धराशायी, युवाओं ने दिखाया कमाल

एक बार फिर कमजोर साबित हुआ संगठन, टिकट वितरण में बड़े नेताओं की पसंद और नापसंद पड़ी भारी

2 min read
Jul 18, 2022
Indore News : कांग्रेस के दिग्गज धराशायी, युवाओं ने दिखाया कमाल

इंदौर. नगर निगम चुनाव को लेकर कल आए परिणाम में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस के युवाओं ने तो कमाल दिखाया, लेकिन दिग्गज धराशायी हो गए। इनमें लगातार दो और पांच बार से पार्षद का चुनाव जीतकर आ रहे नेता सहित शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी भी शामिल हैं। चुनाव के परिणाम से शहर में कांग्रेस का संगठन एक बार फिर कमजोर साबित हुआ। इसके साथ ही पार्षद के टिकट वितरण में स्थानीय बड़े नेताओं की पसंद और नापसंद अलग भारी पड़ी है।

शहर के 85 वार्ड में से कांग्रेस के खाते में 19 आए हैं। 2015 के चुनाव में कांग्रेस के खाते में 15 वार्ड ही आए थे। इस बार के नगर निगम चुनाव में चार वार्ड ज्यादा कांग्रेस जीती है, लेकिन महापौर प्रत्याशी संजय शुक्ला को हार का मुंह देखना पड़ा है। परिणाम आने के पहले करीब 30 वार्ड जीतने का दावा कांग्रेस कर रही थी। कल जब परिणाम आए तो सबके होश उड़ गए। इसके साथ ही नगर निगम चुनाव प्रत्याशी चयन समिति और संगठन में पद लेकर बैठे नेताओं कार्यशैली पर प्रश्न चिन्ह लग गए हैं। कांग्रेस का संगठन कमजोर अलग साबित हुआ।

इस बार के चुनाव में भले कांग्रेस के खाते में चार वार्ड ज्यादा आए हैं, लेकिन कई दिग्गज और शहर कांग्रेस पदाधिकारी धराशायी हो गए। इनमें लगातार दो बार वार्ड 1 से चुनाव जीतकर आ रही प्रीति गोलू अग्निहोत्री, पांच बार के पार्षद रहे छोटे यादव, शहर कांग्रेस कोषाध्यक्ष शैलेष गर्ग, कांग्रेस से बगावत कर लडऩे वाले पांच नंबर विधानसभा के युवा कांग्रेस अध्यक्ष रहे संतोष यादव, पूर्व पार्षद भूपेंद्र चौहान की पत्नी ममता चौहान, एनएसयूआई पूर्व अध्यक्ष गुरजोत सिंह गिल, अल्पसंख्यक कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक अनुरोध जैन की पत्नी दीपिका जैन, कांग्रेस नेता विनोद चौकसे और पूर्व एल्डरमैन सौफिया अन्नू पटेल शामिल हैं।

इन युवाओं ने पहना जीत का सेहरा

निगम चुनाव में कांग्रेस के दिग्गज भले धराशायी हो गए, लेकिन युवाओं ने जरूर कमाल दिखाया है। इनमें वार्ड 17 से शिवम केके यादव, वार्ड 75 से कुणाल सोलंकी, वार्ड 76 से सीमा सोलंकी, वार्ड 52 से सावित्री सुदामा चौधरी, वार्ड 46 से शैफू आकाश वर्मा, वार्ड 45 से सोनीला राजेश्वरी मिमरोट, वार्ड 20 से यशस्वी अमित पटेल, वार्ड 15 से ममता सुभाष सुनेर और वार्ड 23 से विनीता धर्मेंद्र मौर्य शामिल हैं। यह सभी युवा कांग्रेस के पूर्व और वर्तमान पदाधिकारी हैं। इन्होंने पहली बार चुनाव लडक़र जीत का सेहरा पहना है।

Published on:
18 Jul 2022 11:19 am
Also Read
View All