इंदौर

हनीट्रैप मामले में तीन आरोपियों की जमानत याचिका कोर्ट ने की खारिज

श्वेता विजय जैन और श्वेता स्वप्निल जैन को कोर्ट ने चार अक्टूबर तक जबकि ड्राइवर ओम प्रकाश को 28 सितंबर तक के लिए जेल भेजा है
2 min read
• •
Updated: 24 Sep 2019, 7:08 PM IST
हनीट्रैप मामले में तीन आरोपियों की जमानत याचिका कोर्ट ने की खारिज
हनीट्रैप मामले में तीन आरोपियों की जमानत याचिका कोर्ट ने की खारिज

विकास मिश्रा @ इंदौर. हनीट्रैप मामले में कोर्ट ने आरोपी श्वेता स्वप्निल जैन, श्वेता विजय जैन और ओमप्रकाश की जमानत याचिका मंगलवार को खारिज कर दी है। पुलिस की ओर से जमानत अर्जी पर आपत्ति लेते हुए तर्क दिए हैं कि इस प्रकरण में अभी जांच चल रही है, यदि आरोपियों को जमानत का लाभ दिया गया तो यह जांच प्रभावित कर सकती हैं और सबूतों को नष्ट कर सकती हैं। आरोपियों के खिलाफ अन्य प्रकरण भी दर्ज किए गए हैं जिनमें जांच में भविष्य में जरूरत होगी।

इनके पास से मोबाइल सहित अन्य गैजेट्स जब्त किए गए हैं। भविष्य में अन्य केसों में इनके पुलिस रिमांड की भी जरूरत होगी इसलिए जमानत नहीं दी जाना चाहिए। एडीपीओ अकरम शेख ने बताया कि पुलिस द्वारा पेश की गई आपत्तियों के आधार पर प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी मनीष भट्टी ने तीनों की अर्जी खारिज कर दी है। पुलिस ने केस में कुछ धाराएं भी बढ़ाने की बात कही है। श्वेता विजय जैन और श्वेता स्वप्निल जैन को कोर्ट ने चार अक्टूबर तक जेल में भेजा है जबकि ड्राइवर ओम प्रकाश को 28 सितंबर तक के लिए जेल भेजा गया है। मंगलवार को सुनवाई के दौरान आरोपी श्वेता के पति स्वप्निल जैन की गुमशुदगी से जुड़ा एक आवेदन भी उनके वकील ने कोर्ट में पेश किया है। अब तीनों आरोपियों को जेल से बाहर आने के लिए सेशन कोर्ट में जमानत अर्जी दाखिल करना होगी।

कई गंभीर धाराओं में दर्ज किया केस

गौरतलब है कि हनीट्रैप की आरोपी आरती दयाल, मोनिका यादव, श्वेता पति स्वप्निल जैन, बरखा सोनी और श्वेता पति विजय जैन पर अनैतिक व्यापार, षड्यंत्र सहित कई गंभीर धाराओं में पुलिस ने मंगलवार को केस दर्ज किया है। इनकी केस की डायरी भोपाल भेजी जाएगी। मामले की जांच भोपाल में ही होगी। एसएसपी रुचिवर्धन मिश्र ने इस बात की पुष्टि की है। मोनिका के पिता और अन्य गांव वाले भी की शिकायत लेकर पलासिया थाने पहुंचे थे। मोनिका के पिता का कहना था कि बेटी को 10वीं और 12वीं में डिस्टिंक्शन मिली थी। ऐसे में जीवन संवारने के लिए आरती और श्वेता उसे ले गई। अभिषेक नामक युवक से मोनिका की दोस्ती कराई और फिर उसे गलत काम में उतार दिया।

Updated on:
24 Sep 2019, 7:08 PM IST
Published on: