
इंदौर. लॉक डाउन खुलने के बाद अपराध बढऩे की आशंका व्यक्त की जा रही है। जिले में कही भी कानून व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े, इसके लिए आईजी ने भी फोर्स को सतर्क रहने के लिए कहा है। अब दिन में दो और रात में एक प्लाटून हमेशा तैयार रहेगी, ताकि किसी भी विपरीत परिस्थिति से निपटा जा सके।
आईजी विवेक शर्मा मे कल फस्र्ट बटालियन स्थित क्यूआरएफ कंपनी का निरीक्षण किया। उन्होंने कंपनी का फॉल इन टाइम चेक किया। इस दौरान कहा कि लॉक डाउन खुलने के दौरान अपराधों में बढ़ोतरी होने के साथ ही अप्रिय स्थिति निर्मित होने से इनकार नहीं किया जा सकता। इसके चलते टीम को हमेशा तैयार रहना है, ताकि स्थिति को तुरंत कंट्रोल कर लिया जाए। शहर में फिलहाल क्यूआरएफ के तीन प्लाटून हैं। उनमें से दिन में दो व रात में एक प्लाटून हमेशा तैयार हालत में रहेगा, ताकि पांच मिनट में नियत स्थान के लिए रवाना हो जाए। वहीं सभी से अपनी सेहत का भी ध्यान रखने के लिए कहा है।
ये बन सकते हैं परेशानी का कारण
धार की ओर के कई गिरोह एक बार फिर से वहां पर सक्रिय हो गए हैं। अफसरों की मानें तो लॉक डाउन के चलते जो आसपास के प्रदेशों में गए थे। वह भी अब अपने गावों की ओर लौट आए हैं। ऐसे में उनके वारदात किए जाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल वे स्थानीय इलाके में ही सक्रिय हैं। लॉक डाउन के चलते पुलिस की कई स्थानों पर चेकिंग चल रही है। इसके चलते अपने आसपास के इलाके में ही सक्रिय हैं, लेकिन छूट मिलने के बाद ये लोग कई बड़े शहरों की ओर भी रुख कर सकते हैं।