
इंदौर. परदेशीपुरा में देर रात बदमाशों ने एक युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया। बताया जाता है कि वह घर लौट रहा था। इसी दौरान नकाबपोश बाइक सवारों ने उस पर हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार हर्षित पिता मनोज पालीवाल (२१) निवासी जनता क्वार्टर की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। हर्षित देर रात मंदिर से घर लौट रहे था। वह परदेशीपुरा रोड नंबर दो से जा रहा था।
इसी दौरान बाइक सवार बदमाश उसके पास से निकले और वह कुछ समझ पाता, इससे पहले ही उन नकाबपोश बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। उसे चाकू मारा और भाग गए। उसकी पीठ में चाकू लगा है। घायल हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया। उसका कहना है कि वह बदमाशों को पहचानता नहीं है और न ही उसका किसी से कोई विवाद हुआ था कि उस पर कोई हमला करे। पुलिस को शंका है कि बदमाश लूटपाट या फिर नशे के लिए वारदात करने वाले हो सकते हैं।
व्यापारी को पीटा
जेल रोड पर बदमाशों ने एक व्यापारी को पीट दिया। पुलिस के अनुसार महेश खुबानी पिता नानकराम निवासी सच्चिदानंद नगर की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि दुकान पर तीन बदमाश आए थे।
वह मोबाइल के ग्लास गार्ड को लेकर विवाद कर रहे थे। आरोपितों को कहना था चार दिन पहले ही दुकान से नया ग्लास लगवाया था। अब वह खराब हो गया है। इसी बात को लेकर विवाद हुआ तो आरोपितों ने पीट दिया था। जब आसपास के व्यापारी वहां पर आए तो वहां से भाग गए।
सिरपुर में चल रही शिवपुराण कथा में मारपीट, युवक पर चाकू से हमला
चंदन नगर थाना क्षेत्र में चल रहे मेले में कल रात बदमाश एक लडक़े पर चाकू से हमला कर भाग निकले। घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार कल देर रात दीपक पिता अशोक निवासी चंदन नगर को उसके परिजन गंभीर हालात में एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे। घायल युवक ने बताया कि वह घर पर था, तभी उसके दोस्त लड्डू का फोन आया और उसने बताया कि छोटा सिरपुर की राम टेकरी पर चल रहे मेला स्थल पर उसका विवाद हो गया है।
विवाद की जानकारी लगने पर वह पहुंचा। वहां खड़े अजय सावले से पूछा कि वह उसके दोस्त को क्यों मार रहा है, इस पर दोनों में विवाद हो गया। इस पर अजय ने चाकू निकाला और दीपक पर वार कर भाग निकला। चाकूबाजी की घटना से मेला स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस पहुंची, तब तक आरोपित मौके से फरार हो चुके थे। मामलेे में पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है।
बेटी से मारपीट करने वाले दामाद की पिटाई कर दी
संयोगितागंज थाना क्षेत्र में कल रात दामाद की ससुराल वालों ने एेसी पिटाई कि वह अस्पताल जा पहुंचा। श्यामाचरण शुक्ल नगर के रहने वाले राकेश पिता रमेश का उसकी पत्नी से कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। कल रात भी दोनों में किसी बात क ो लेकर विवाद हो गया और युवक ने पत्नी अनिता बामने की पिटाई कर दी। इसके बाद महिला मायके पहुंची और परिजनों को घटना बताई।
बेटी की बात सुन पिता और भाई गुस्से में तुरंत उसके ससुराल पहुंच गए। दामाद और ससुर के बीच बात तू-तू-मैं-मैं से हाथापाई तक पहुंच गई। युवक के ससुर और ***** ने उसे बैसबाल के डंडे और ईंट से सिर पर वार कर घायल कर दिया। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर घायल को इलाज के लिए एमवाय अस्पताल भेजा।
पानी के विवाद में युवक से मारपीट
विजय नगर थाना क्षेत्र की कृष्णबाग कॉलोनी में बदमाश ने एक युवक को पीट दिया। बताया जाता है कि पानी भरने को लेकर विवाद हो गया था। पुलिस के अनुसार ओंकार चौकसे पिता खेमचंद की शिकायत पर सुनिल पिता गौरीशंकर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। कल वह बोरवेल पर पानी भरने के लिए गया था।
बदमाश ने उसे पानी भरने से रोक दिया था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और बदमाश ने उसे पीट दिया। वहीं जिंसी हाट मैदान में कमल पिता रामसिंह के साथ अनवर हुसैन निवासी चंदन नगर ने मारपीट कर दी। उनके बीच में रुपयों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया था।