साथियों के साथ हंगामा कर लगाई आग, पुलिस ने किया गिरफ्तार
इंदौर. गुंडे ने अपनी रिश्तेदार पर ही दबाव बनाकर बलात्कार किया। उसके वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता रहा। महिला उसके चंगुल से भागकर अपने घर गई तो गुंडे ने साथियों के साथ वहां हंगामा कर आग लगा दी। बाद में पति के साथ भी मारपीट की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।
एएसपी क्राइम अमरेंद्र सिंह चौहान ने बताया, टीम ने गुंडे रोहित मराठा (28) निवासी चंदन नगर, विजयकांत शुक्ला (20) निवासी वृंदावन कालोनी, पवन यादव (21) निवासी पेनजान कॉलोनी को पकड़ा। मामले में रोहित का भाई सागर मराठा अभी जेल में है। घटना के बाद रावजी बाजार पुलिस ने पिस्टल के साथ पकड़ा था, जिसमें वह जेल में है। रोहित चंदन नगर थाने का गुंडा है। उस पर कई थानों में एक दर्जन से ज्यादा केस दर्ज हैं। सागर का भी रिकॉर्ड है। विजय व पवन पढ़ाई कर रहे हैं। रोहित ने अपनी रिश्तेदार महिला को धमका कर उसके साथ बलात्कार किया था। वह महिला को अपने साथ किराए के मकान में रखता। इस दौरान उसने महिला का वीडियो बना लिया।
महिला को देख फोटो खींचने लगा, परिवार को धमकाया
एक अन्य मामले में बदमाश राह चलते महिला को गंदे कमेंट्स कर फोटो लेने लगा। महिला ने फोटो डिलीट करवाने चाहे तो विवाद किया। महिला का देवर व पति आए तो उन्हें भी युवक ने धमकाया। बाद में पुलिस ने उसे पकड़ा। कनाडिय़ा पुलिस ने महिला की रिपोर्ट पर आशीष देशमुख (34) निवासी श्रीजी वैली बिचौली मर्दाना के खिलाफ छेड़छाड़ व धमकाने का केस दर्ज किया। सोमवार शाम महिला घर के पास ही डेयरी पर दूध लेने जा रही थी। रास्ते में आशीष मिला तो वह गंदे इशारे करने लगा। उसने महिला से मोबाइल नंबर मांगा। महिला ने नंबर नहीं दिया तो उसका पीछा करने लगा।