इंदौर

दिल्ली से लौटकर सीधे देवास हादसे के घायलों से मिलने पहुंचे सीएम मोहन, फैक्ट्री मालिक पर होगी कड़ी कार्रवाई

Dewas Factory Blast : सीएम मोहन यादव नई दिल्ली से लौटते ही देर रात सीधे इंदौर पहुंचे। यहां उन्होंने देवास पटाखा फैक्ट्री हादसे के घायलों अस्पताल पहुंचकर मुलाकात की। घायलों के उचित इलाज के निर्देश देने के साथ उन्होंने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

2 min read
देवास हादसे के घायलों से मिले सीएम मोहन यादव (Photo Source- Mohan Yadav X Handle)

Dewas Factory Blast :मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव देर रात नई दिल्ली से लौटते ही सीधे इंदौर पहुंचे। यहां उन्होंने देवास की पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट हादसे के घायलों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के चिकित्सकों को घायलों के उचित इलाज के निर्देश दिए। साथ ही, घायलों से मुलाकात के दौरान दुख व्यक्त करते हुए उन्होंने आश्वासन देते हुए कहा कि किसी भी हालत में आरोपियों को छोड़ा नहीं जाएगा। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने ये भी कहा कि, प्रदेश सरकार हादसे के मृतक परिवारों और घायलों के साथ में खड़ी है।

सीएम डॉ मोहन यादव गुरुवार को नई दिल्ली से लौटने के बाद इंदौर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने एमवाय और चोइथराम हॉस्पिटल पहुंचकर देवास में हुई घटना में प्रभावितों से मुलाकात की। साथ ही, चिकितस्कों से गायलों के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों को घायलों के उचित उपचार देने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे।

ये भी पढ़ें

देवास पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट केस में बड़ा अपडेट, 2 और घायलों ने दम तोड़ा, अबतक 5 की मौत

दोषियों पर होगा सख्त एक्शन- सीएम

घायलों से मुलाकात के बाद सीएम मोहन यादव ने मीडिया से चर्चा करते हुए सख्त लहजे में कहा कि, घटना के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी हालत में आरोपियों को छोड़ा नहीं जाएगा। जिला प्रशासन, पुलिस विभाग आरोपियों पर एनएसए की कार्रवाई करेगा। सरकार मृतक परिवार और घायलों के साथ में खड़ी है। दोबारा से ऐसी दुर्घटना ना हो उसको सुनिश्चित किया जाएगा।

फैक्ट्री मालिक पर लगी रासुका

इधर, देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने आरोपी अनिल मालवीय के विरुद्ध रासुका की कार्रवाई की है। आरोपी अनिल मालवीय को गिरफ्तार कर लिया गया है। कार्यवाही पुलिस अधीक्षक की रिपोर्ट पर पटाखा लाइसेंस का गलत तरीके से उपयोग करने और नियम शर्तों का पालन नहीं करने पर की गई।

मजिस्ट्रियल जांच के लिए इन्हें सौंपी जिम्मेदारी

वहीं, मजिस्ट्रियल जांच के लिए अधिकारियों को नियुक्त किया गया हैं। उज्जैन के अपर कलेक्टर अतेंद्र सिंह गुर्ज, और इंदौर के औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा अधिकारी संचालक नमिता तिवारी को जिम्मेदारी सौंपी है। ये कमेटी अग्नि दुर्घटना और विस्फोट के संभावित कारण, विस्फोटक नियम के विभिन्न प्रावधान के पालन की स्थिति, राष्ट्रीय भवन संहिता, 2016 के प्रावधान के पालन कि स्थिति, घटना स्थल व जिले में अन्य जारी अनुज्ञप्तियों की स्थिति, दुर्घटना स्थल पर जारी किये गये अनुज्ञप्तियों की वस्तुस्थिति समेत अन्य विभागों की भूमिका की जांच करेगी। जांच अधिकारी एक हफ्ते के अंदर रिपोर्ट देंगे।

जानें पूरा मामला

गौरतलब है कि देवास जिले के टोंककला बारूद फैक्ट्री में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। करीब 11:30 बजे अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे में अबतक 5 लोगों की मौत हुई है, जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। ब्लास्ट इतना तेज था कि शवों के टुकड़े 20 से 25 फीट दूर तक जा गिरे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ये भी पढ़ें

Petrol Diesel Price Hike : पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े, जानें भोपाल में क्या हैं नई कीमतें
Published on:
15 May 2026 07:56 am
Also Read
View All