
इंदौर.नगर निगम में प्रतिनियुक्ति यानी दूसरे विभाग से आए अफसरों को बाहर करने की मांग एक बार फिर से जोर पकडऩे लगी है। वर्षों से निगम में टिके इन अफसरों को हटाने के लिए नेता प्रतिपक्ष ने एक पत्र नगरीय विकास एवं आवास मंत्री को लिखा है। इसमें कौन अफसर कितने वर्षों से निगम में टिका है। इसकी पूरी जानकारी दी गई है।
प्रतिनियुक्ति पर निगम में आए इंजीनियर हरभजन सिंह के हनी ट्रैप मामले में फंसने के बाद कल उन्हें जहां सस्पेंड कर दिया गया, वहीं नेता प्रतिपक्ष फौजिया अलीम ने निगम में प्रतिनियुक्ति यानी दूसरे विभाग से आए अफसरों को बाहर करने के लिए मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने एक पत्र नगरीय विकास एवं आवास मंत्री जयवर्धन सिंह को लिखा है। इसमें उन्होंने वर्षों से निगम में टिके प्रतिनियुक्ति वाले अफसरों का तबादला कर मूल विभाग में भेजने की मांग की है। साथ ही प्रतिनियुक्ति पर आए अफसरों की संपत्ति की जांच कराने का भी पत्र में कहा गया है ताकि सार्वजनिक हो जाए कि इनके पास इतनी संपत्ति आई कहां से।
नेता प्रतिपक्ष अलीम ने मंत्री सिंह को निगम में प्रतिनियुक्ति पर आए उन अफसरों के नामों की सूची दी है जो कि वर्षों से यहां टिके हुए हैं। उन्होंने हनी ट्रैप में फंसे अधीक्षण यंत्री हरभजन सिंह के साथ प्रभारी अधीक्षण यंत्री महेश शर्मा, डीआर लोधी, सहायक यंत्री प्रतीक चतुर्वेदी, नंदकिशोर मालवीय, असित खरे, उपयंत्री अवधेश जैन, सुमित अष्ठाना, क्लर्क सईदा खान, अधीक्षण यंत्री प्रकाशचंद्र जैन, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नटवर सारडा, डॉ. अखिलेश उपाध्याय, उपायुक्त नरेंद्र शर्मा, महेंद्र सिंह चौहान और सहायक आयुक्त आरती खेड़ेकर आदि के नाम मंत्री जयवर्धन सिंह को भेजे हैं, ताकि इन अफसरों को निगम से बाहर किया जा सके।
दरअसल जिन अफसरों के नाम मंत्री जयवर्धन सिंह को भेजे गए हैं, उनमें से कई का तबादला हो जाने के बाद थोड़े समय में फिर सेंटिग कर इंदौर निगम में आ गए हैं। नेता प्रतिपक्ष का कहना है कि प्रतिनियुक्ति पर आए अफसरों का तबादला करने को लेकर मंत्री को पत्र लिखा गया है। इसके साथ ही मामले को लेकर जल्द ही उनसे मुलाकात की जाएगी। उन्होंने हनी ट्रैप मामले में फंसे इंजीनियर हरभजन सिंह को निगम में न आने देने की चेतावनी भी दी है।