
इंदौर। शहर में स्थित देवी अहिल्याबाई होलकर सब्जी मंडी (चोइथराम सब्जी मंडी) में बुधवार दोपहर आग लग गई। आपको बता दें कि यह इंदौर शहर की नहीं बल्कि प्रदेश की सबसे बड़ी सब्जी मंडी है। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी दूर से ही उसकी लपटें देखी जा सकती थीं। कुछ हालांकि इस दुर्घटना में अब तक मिल रही जानकारी के मुताबिक कोई जनहानि की सूचना नहीं है।
जानकारी के मुताबिक जैसे ही मंडी में आग भभकती दिखी तो लोगों ने फायर ब्रिगेड का जानकारी दी। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कुछ घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। वीडियो में भभकती लपटें और धुंआ देखकर ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि आग कितनी भीषण थी। इस दौरान लोगों ने आग को बुझाने के लिए बाल्टियों से भर-भरकर पानी भी डाला लेकिन आग बढ़ती ही गई। हालांकि अब तक यह नहीं पता चल सका है कि आग कैसे लगी? लेकिन इस आग से छोटे-बड़े व्यापारियों को कितना नुकसान हुआ है फिलहाल इसका कोई अंदाजा नहीं लगाया जा सकता।
मौके पर पहुंचे सांसद ने दिए जांच के आदेश
मामले की सूचना मिलते ही सांसद शंकर लालवानी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने फायर ब्रिगेड को जल्द ही आग पर काबू पाने की बात कही। वहीं उन्होंने जिम्मेदारों को निर्देश भी दिए कि जल्द से जल्द पता लगाया जाए कि आग कैसे भड़की।