इंदौर

ऑनलाइन शॉपिंग में रहें सावधान, सस्ते मोबाइल का लालच देकर नेशनल प्लेयर से ठगी

सोशल मीडिया ठग भी सक्रिय हो गए हैं। बदमाश सस्ते दामों पर सामान दिलाने के नाम पर ठगी कर रहे हैं।
2 min read
• •
Updated: 11 Oct 2018, 5:38 PM IST
online
ऑनलाइन शॉपिंग में रहें सावधान, सस्ते मोबाइल का लालच देकर नेशनल प्लेयर से ठगी

इंदौर. सोशल मीडिया ठग भी सक्रिय हो गए हैं। बदमाश सस्ते दामों पर सामान दिलाने के नाम पर ठगी कर रहे हैं। हाल ही में एक नेशनल प्लेयर को ठग ने शिकार बनाया है। सोशल मीडिया पर दी गई एक लिंक के माध्यम से ठगोरे के संपर्क में आए इस खिलाड़ी को साठ हजार रुपए से हाथ धोना पड़ा। अब उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार ठगाया छात्र राष्ट्रीय स्तर का कराटे खिलाड़ी है। शिकायत के बाद मामले की जांच थाना प्रभारी को दी गई है।

संयोगितागंज थाना क्षेत्र में रहने वाले कक्षा ग्यारहवीं के छात्र ईशान विलियम्स को अपना इन्स्टाग्राम अकाउंट चेक करते समय एक एड नजर आया। इस विज्ञापन में शॉपिंग वेबसाइट के माध्यम से कम दाम में महंगे मोबाइल बेचने का दावा किया गया था। विज्ञापन पर दिए मोबाइल नंबर पर ईशान ने बात की तो ठग ने अपना नाम मनोज कुमार बताया। ईशान के लिए मोबाइल बुक कर उससे कई किस्तों में 60 हजार रुपए ऐंठ लिए। अब भी मोबाइल डिलेवरी देने के नाम पर ईशान से 6 हजार रुपए की मांग बदमाश कर रहा है। जब उसे ठगी का अहसास हुआ तो इसकी शिकायत करने पिता के साथ पुलिस अधिकारियों के पास पहुंचा।

फीस के पैसे ठग लिए

ईशान के पिता समीर विलियम्स के मुताबिक उसे कराटे की फीस जमा करने के लिए दिए गए रुपए भी बदमाश ने ठग लिए। इसके अलावा ईशान ने अपने दोस्तों से उधार रुपए लेकर भी ठग को दे दिए। ईशान की शिकायत पर एसपी मुख्यालय मोहम्मद युसूफ कुरैशी ने मामले की जांच संयोगितागंज थाना प्रभारी के सुपर्द की है। अब वह ठग के मोबाइल नंबर के आधार पर उसके बारे में जानकारी जुटा रहे हैं।

रसीद देकर ले रहे हैं झांसे में

हाल ही में एक अन्य छात्र के साथ भी इसी तरह से ठगी हुई है। बदमाश ने बकायदा कोरियर की एक रसीद का फोटो भेज कर छात्रों को मोबाइल भेजे जाने का भरोसा दिलाया और फिर खाते में रुपए जमा करवा लिए थे। पुलिस अफसरों की मानें तो ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान किसी भी तरह के प्रलोभन में ना आकर भरोसेमंद वेबसाइट से खरीदारी करना चाहिए और कैश ऑन डिलीवरी सिस्टम का ही इस्तेमाल करें, ताकि सामान घर आने के बाद ही उसके पेमेंट हो। इस तरह ठगी से बचा जा सकता है।

Updated on:
11 Oct 2018, 5:38 PM IST
Published on: