
बड़े ही सहज स्वभाव में चर्चा के दौरान उन्होंने कवीर और संत वाणी से जीवन दर्शन के अनूठे अनुभव को स्वीकारा। वे कहते भजन सुनने के दौरान मैंने प्रकृति में जीवन को प्रत्यक्ष महसूस किया है। मैंने कभी सोचा नहीं था, कि भजनों से निर्गुण भक्तिधारा से इस तरह जुड़ सकता हूं, लेकिन नियति और प्रकृति ने मेरे लिए जो तय किया था। वहां तक मुझे पहुंचा दिया।
कबीर और संतवाणी से आपका जुड़ाव कैसे हुआ? जीवन के किसमोड़ पर शुरू हुआ? वे कहते है कि कबीर से मेरा परिचय स्कूली किताबों तक सीमित था। हिंदी में 4-5 साखियां पढ़ी थीं, जिनका संदर्भ सहित अर्थ लिखना परीक्षा का हिस्सा होता था। असल जुड़ाव तब शुरू हुआ, जब गोरखेड़ी में भजन संध्या के दौरान तंबूर पर कबीर और संतों की वाणी सुनी। रात करीब ढाई बजे तक चले कार्यक्रम में पहली बार महसूस हुआ कि कबीर के इतने भजन हैं और उनकी वाणी में जीवन को समझने की कितनी गहराई है। उसी अनुभव ने तंबूर सीखने और संतवाणी गाने की ललक पैदा की।
संगीत और संतवाणी ने आपके जीवन को किस तरह प्रभावित किया? उन्होंने बताया कि मैं बायोलॉजी का विद्यार्थी रहा। मानपुर से मैंने हायर सेकंडरी करने के बाद करने के बाद महू के कॉलेज से बीएससी किया। इसके बाद बीए और एमए इतिहास से किया। शिक्षक के रूप में करीब 42 वर्ष बिताए। संतवाणी से जुडऩे के बाद जीवन को देखने का नजरिया बदला। तंबूर सीखते समय गुरुजनों ने कहा कि सिर्फ बजाना नहीं, साथ में गाना भी सीखो, तभी आनंद आएगा। खेती पर आधारित भजन गाते हुए प्रकृति को जैसे प्रत्यक्ष अनुभव किया। संतवाणी जीवन को किसी सीमा में बांधती नहीं, बल्कि अनुभव और आत्मबोध के रास्ते खोलती है।
आप अक्सर प्रकृति और नियति का जिक्र करते हैं। संतवाणी से इसे समझने का आपका नजरिया क्या बना? एक अनुभव साझा करते हुए वे बताते है कि जीवन में कई बार महसूस हुआ कि प्रकृति हमारे लिए जो निर्धारित करती है, हम उसी से जुड़ते चले जाते हैं। अपने प्रयास और सोच के बावजूद कई घटनाएं ऐसी होती हैं, जो हमें नियति के रास्ते पर ले जाती हैं। शिक्षक बनना भी मेरे जीवन में ऐसा ही संयोग था। संतवाणी सुनने और गाने के बाद प्रकृति, जीवन और इंसान के संबंध को अधिक गहराई से महसूस किया। यह केवल शब्दों को गाने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन को देखने और समझने का तरीका है।
आज की शिक्षा और युवा पीढ़ी के बीच कबीर और संतवाणी की प्रासंगिकता आप किस तरह देखते हैं? उनका कहना है कि वर्तमान शिक्षा में एक कमी महसूस होती है कि युवा संतों की वाणी और कबीर से दूर होते जा रहे हैं। प्रतिस्पर्धा में आगे बढऩे के लिए दूसरे को पीछे करने की सोच बढ़ रही है, जबकि शिक्षा का उद्देश्य समाज में बदलाव और लोगों के बीच बेहतर संबंध बनाना होना चाहिए। संतवाणी आत्मचिंतन, संवेदना और समानता का भाव जगाती है। यूथ को इसकी जरूरत है, ताकि शिक्षा केवल करियर तक सीमित न रहे, बल्कि जीवन और समाज को समझने का माध्यम भी बने।
आईआईटी हैदराबाद में संतवाणी के कार्यक्रम से लेकर इसे पाठ्यक्रम में शामिल किए जाने तक का अनुभव कैसा रहा? क्या कबीर और संतवाणी विज्ञान से भी जुड़ते हैं? वे कहते है कि आईआईटी हैदराबाद में कार्यक्रम के पहले दिन बहुत कम विद्यार्थी आए थे, लेकिन सुनने के बाद उनकी रुचि बढ़ती गई और आगे बड़ी संख्या में छात्र जुडऩे लगे। इसी रुचि के चलते वहां संतवाणी को पाठ्यक्रम में शामिल किया गया। कबीर और संतवाणी आत्मदर्शन के साथ विज्ञान से भी जुड़ते हैं। इनमें जीवन, प्रकृति, अनुभव और तर्क के कई वैज्ञानिक दृष्टिकोण मिलते हैं। आज निर्गुण भक्ति साहित्य को युवा पसंद कर रहे हैं और देश-विदेश से विद्यार्थी इस विषय में अध्ययन, सीखने और पीएचडी करने के लिए आ रहे हैं।