
इंदौर. इंदौर शहर में लगातार देह व्यापार का खुलासा करने के बाद एक बार फिर पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। इंदौर पुलिस ने बांग्लादेश से लड़कियां लाकर देह व्यापार में धकेलने वाले गिरोह के सरगना को दो युवतियों के साथ गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि पुलिस की गिरफ्त में आया ये दलाल देश का सबसे बड़ा सेक्स रैकेट का तस्कर है। जिसके एजेंट मध्य प्रदेश सहित पूरे देश में फैले हुए हैं। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वो बांग्लादेश से युवतियां लाकर देश के अलग अलग राज्यों में सप्लाई करता था। जिन दो लड़कियों को तस्कर के साथ पकड़ा गया है उनसे भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
पुलिस मुंबई पहुंची और इधर दलाल आ गया इंदौर
बीते दिनों एक के बाद एक सेक्स रैकेट का खुलासा करने के बाद पुलिस को आरोपियों से पूछताछ में विजय दत्त नाम के दलाल की जानकारी लगी थी। विजयदत्त वही तस्कर है जो बांग्लादेश से युवतियां लाकर सप्लाई किया करता था। पुलिस लगातार विजयदत्त की तलाश में जुटी हुई थी और उसकी तलाश में पुलिस की एक टीम मुंबई भी भेजी गई थी। लेकिन पुलिस जिसकी तलाश मुंबई में कर रही थी वो इसी बीच मंगलवार को दो लड़कियों के साथ इंदौर में विजयनगर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। दलाल विजय दत्त के साथ जो दो लड़कियां पकड़ाई हैं वो भी देह व्यापार के कारोबार में लिप्त हैं। पुलिस ने इनके पास से 14 मोबाइल बरामद किए गए हैं जिन पर कॉलगर्ल्स की डिमांड आती थी।
बांग्लादेशी कॉलगर्ल्स का कोडवर्ड होता था 'गाड़ी'
आरोपी विजयदत्त से हुई पूछताछ में ये भी पता चला है कि ऑनलाइन सैक्स रैकेट में बांग्लादेशी कॉलगर्ल्स का कोड वर्ड 'गाड़ी' होता था। आरोपी के पास से बांग्लादेश का बना हुआ पासपोर्ट भी बरामद हुआ है। दलाल विजय दत्त पश्चिम बंगाल के कालीपुर का रहने वाला है और बीते 10 साल से मुंबई में काम कर रहा था। यहीं से उसने देह व्यापार के धंधे में कदम रखा। बताया जा रहा है कि आरोपी ने दो शादियां कर रखी हैं और उसकी दोनों पत्नियां भी देह व्यापार के धंधे में शामिल हैं। आरोपी की एक पत्नी बांग्लादेश में है जिसके जरिए वो वहां से लड़कियों को भारत बुलवाता था और दूसरी पत्नी मुंबई में है।
देखें वीडियो- बुर्के पर बवाल, माला के चक्कर में फंसी मोहतरमा