इंदौर

चार जिंदगियां रोशन कर गई नेहा, कहती थी- मेरे अंग दान करना तभी मिलेगी आत्मा को शांति, देखें वीडियो

नेहा की मौत के बाद उसकी दोनों किडनियां, आंखें और लीवर किए गए डोनेट...जिंदगियां बचाने शहर में 41वीं बार बना ग्रीन कॉरिडोर..
2 min read
Sep 19, 2021
indore_news.jpg

इंदौर. रविवार को इंदौर में 41वीं बार ग्रीन कॉरिडोर बना और चार लोगों को नई जिंदगी मिली। इंदौर की ही रहने वाली 37 साल की नेहा चौधरी भले ही अब इस दुनिया में नहीं रहीं लेकिन उनकी आंखें, लीवर और दोनों किडनियां चार लोगों को नया जीवन देंगे। नेहा को 12 सितंबर को तबीयत बिगड़ने के बाद चोइथराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां शनिवार को उनकी ब्रेन डेथ हो गई थी। नेहा के पति पंकज चौधरी ने बताया कि नेहा की अंतिम इच्छा थी कि उसके अंग जरुरतमंदों को डोनेट किए जाएं और उसकी इसी इच्छा को पूरा किया है।

चार लोगों को जिंदगी दे गई नेहा
नेहा के पति पंकज चौधरी ने बताया कि नेहा को कुछ सालों से हार्ट के वॉल्व संबंधी बीमारी थी, जिसका इलाज चल रहा था। इंदौर में लगातार हो रहे अंगदान की पूरी जानकारी थी और जब भी उसकी तबीयत बिगड़ती तो वो यही कहती थी कि उसकी मौत के बाद उसके फेफड़े, किडनियां, आंखें, त्वचा आदि जो भी अंग किसी जरुरतमंद की जिंदगी बचा सकें उन्हें दान कर देना तभी उसकी आत्मा को शांति मिलेगी। शनिवार को नेहा की मौत के बाद परिवारवालों ने नेहा की इच्छानुसार उनके अंगों को डोनेट करने की इच्छा जताई। जिसके बाद अब नेहा की आंखों, किडनी व लीवर से चार लोगों को नया जीवन मिला।

दो महिलाओं सहित चार को मिला जीवनदान
नेहा चौधरी की हुई ब्रेन डेथ के बाद उनकी दोनों किडनियां, लीवर आंख व त्वचा इंदौर में ही ट्रांसप्लांट किए गए हैं। लीवर को चोइथराम अस्पताल में भर्ती 56 साल के व्यक्ति को ट्रांसप्लांट किया जाएगा, जबकि एक किडनी सीएचएल हॉस्पिटल में भर्ती 35 वर्षीय महिला को और दूसरी बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती महिला मरीज को ट्रांसप्लांट की जाएगी। इसके अलावा आंख और त्वचा भी चोइथराम हॉस्पिटल में ही जरूरतमंद को दी जाएगी।

देखें वीडियो-

Published on:
19 Sept 2021 03:03 pm