इंदौर

Heavy Rain Alert: पूरे शहर में भारी बारिश का कहर, रैन अरेस्ट जैसी स्थिति, स्कूलों में छुट्टी घोषित

MP Weather Forecast: तेज बारिश का अलर्ट जारी होने से कलेक्टर आशीष सिंह ने शनिवार को सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। सभी विभागों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।

3 min read
Aug 24, 2024

Indore heavy rain Alert: लगातार भारी बारिश से कुछ समय के लिए ऐसा लगा जैसे पूरा शहर ही पानी में डूबने जा रहा है, निचले इलाकों में पानी भर गया, कई क्षेत्रों में घुटने-घुटने पानी भर गया। कई चौराहों और सड़कों पर घंटों तक जाम लगा रहा। कई घंटों तक रैन अरेस्ट (rain arrest) जैसी स्थिति बनी रही। जो जहां था, वहां कैद होकर रह गया। भारी बारिश के अलर्ट के कारण स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। प्रशासन ने पूरे जिले में अलर्ट जारी किया है।

इंदौर शहर में शुक्रवार को हुई तेज बारिश से कई क्षेत्रों में घुटने-घुटने पानी भर गया। कई चौराहों और सड़कों पर घंटों जाम लगा रहा। लगभग पूरा इंदौर जिम्मेदारी की बदइंतजामी से बदहाल रहा। घंटों तक इंदौर में रैन अरेस्ट जैसी ​स्थिति रही।

सुबह 8.30 से रात 8.30 बजे तक 12 घंटे में 5.54 इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई, जिसने तीन साल में अगस्त में हुई 24 घंटे की सबसे अधिक बारिश का रेकाॅर्ड तोड़ दिया। घने बादलों व तेज बारिश से आद्रता 400 मीटर तक रह गई। इतनी कम आद्रता दिसंबर-जनवरी में कड़ाके की ठंड के दौरान होती है।

25 और 25 अगस्त को अति भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग (imd weather alert) के अनुसार, अरब सागर व बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के सक्रिय होने व सीधे प्रदेश की तरफ बढ़ने से यह स्थिति बनी है। विभाग ने 24 व 25 अगस्त को अति भारी बारिश व 26 अगस्त को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

गुरुवार रात 10 मिमी बारिश हुई। शुक्रवार सुबह से तेज बारिश का दौर जारी रहा। सुबह कुछ देर तेज धूप निकली, दोपहर में फिर से बारिश शुरू हो गई। दोपहर दो से तीन बजे के बीच घने बादलों से शाम सा नजारा हो गया। शाम को फिर मूसलधार बारिश शुरू हुई। सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक 2.77 इंच (75.2 मिमी) बारिश हुई। शाम 5.30 बजे से रात 8.30 बजे तक बारिश का यह आंकड़ा 5.56 इंच (141.3 मिमी) पहुंच गया। रात को भी बारिश जारी रही। 1 जून से अब तक जिले में 26.57 इंच बारिश दर्ज हो चुकी है। पूर्वी के मुकाबले शहर के प​श्चिमी क्षेत्र में कम बारिश हुई।

5 डिग्री गिरा अधिकतम तापमान

दिन का तापमान 27.3 व रात का 22.7 डिग्री से​ल्सियस रहा। एक दिन पहले यह 32.4 व 23.4 डिग्री था। 24 घंटे में दिन के तापमान में 5.1 डिग्री की गिरावट हुई। 27 किलोमीटर की रफ्तार से पूर्वी हवा भी चली।

अरब सागर व बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से हो रही बारिश

भारत मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल के वैज्ञानिक डॉ. बीएस यादव ने बताया, पिछले 24 घंंटे में पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश हो रही है। कम दबाव का क्षेत्र अरब सागर व एक क्षेत्र बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है। एक चक्रवाती सिस्टम पश्चिम बंगाल में सक्रिय होने से भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इंदौर संभाग में भी भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।

स्कूलों की छुट्टी घोषित

तेज बारिश का अलर्ट जारी होने से कलेक्टर आशीष सिंह ने शनिवार को सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। सभी विभागों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। जल स्रोतों से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की चेतावनी भी जारी की है।

शहर में त्राहिमाम्

शहर के अ​धिकांश इलाके पानी में डूब गए। सड़कों पर कई फीट पानी भरा होने से लोग गिरकर घायल होते रहे। बिजली बंद होने से भी भारी परेशानी हुई। बीआरटीएस पर कई किमी घंटों तक जाम लगा रहा। जल जमाव से बचने के लिए लोग आइ बस की लेन में घुस गए। जाम में एंबुलेंस भी फंसी।निचली ब​स्तियों के कई घरों और दुकानों में पानी घुस गया। शहर के जिम्मेदारों ने इस बदहाल स्थिति पर लीपापोती करने का प्रयास किया। डूबते शहर के नुमाइंदे कहते रहे कि पिछली बार से हालात सुधरे हैं।

यशवंत सागर का गेट खोला

दिनभर हुई तेज बारिश से यशवंत सागर लबालब हो गया। इस तालाब की क्षमता 19 फीट है। जलस्तर बढ़ने से रात 9 बजे इसका एक गेट खोला गया। इससे पहले आसपास के क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया था।

Updated on:
24 Aug 2024 08:53 am
Published on:
24 Aug 2024 08:43 am
Also Read
View All

अगली खबर