-वुमन सेफ्टी के लिए इंदौर पुलिस की पहल
रीना शर्मा विजयवर्गीय
इंदौर. बढ़ते महिला अपराधों के बीच पुलिस, प्रशासन और सरकार तमाम तरह के प्रयास करती आई हैं। सभी की कोशिश है कि इन प्रयासों से महिला अपराधों पर लगाम लगाई जा सकें। इसमें सभी विभाग काफी हद् तक कामयाब भी हो रहे हैं लेकिन फिर भी कई बार जानकारी के अभाव में कई महिलाएं अपराधों का शिकार बन जाती हैं, तब कहीं न कहीं यह जानकारियां अधिक महत्वपूर्ण हो जाती हैं। इसलिए हमारी जिम्मेदारी है कि इन सभी प्लेटफॉर्म को हम सही तरीके से उपयोग करना सीखें और अधिक से अधिक महिलाओं से यह जानकारियां शेयर करें। पत्रिका रिसर्च स्टोरी में हम आपको बता रहे हैं वे सभी तरीकें जो आपको शहर में सुरक्षित रखने में हर संभव मदद करेंगी।
पुलिस का एप
महिलाओं की मदद के लिए पुलिस ने एमपीइकॉप नाम से एप लांच किया है। यहां महिलाएं सीधे शिकायत दर्ज करा सकती हैं। यहां पर तमाम तरह की पुलिस सेवाओं की जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है।
ऊर्जा डेस्क
पीड़ित महिलाओं को तत्काल मदद मुहैया कराने के लिए प्रदेश के 180 पुलिस थानों में ऊर्जा (अर्जेंट रिलीफ एंड जस्ट एक्शन) डेस्क बनाई गई। इस डेस्क में महिला पुलिस अधिकारी ही कार्य करती हैं। इसका मकसद पीड़ित महिलाओं को तत्काल कार्रवाई के माध्यम से फौरन न्याय दिलाना है।
सीएम हेल्प लाइन
सीएम हेल्प लाइन में सीधे फोन नंबर 181 डायल कर शिकायत की जा सकती है। यहां कहीं से भी कभी भी कॉल कर सकते हैं। ये शिकायत संबंधित विभाग या थाने में भेज दी जाती है। इसकी निगरानी खुद मुख्यमंत्री करते हैं।
महिला आयोग
महिलाएं सीधे महिला आयोग के ऑफिस पहुंचकर भी शिकायत कर सकती हैं। इसके अलावा महिलाओं संबंधी अपराध में आयोग सूचना मिलने पर खुद संज्ञान लेता है और संबंधित विभाग या थाने से पूरी जानकारी लेकर कार्रवाई भी करता है।
महिला हेल्प लाइन
मध्यप्रदेश के किसी भी गांव-कस्बे की महिला टोल फ्री नंबर 1090 पर कॉल करके राज्य महिला हेल्प लाइन पर मदद ले सकती हैं। इसके अतिरिक्त लोकल पुलिस द्वारा 1091 नंबर भी जारी किया है। वी केयर फॉर यू और लोकल वाट्सऐप नंबर भी हैं, जिस पर शिकायत की जा सकती है।
मदद के लिए यहां कर सकते हैं शिकायत
महिला थाना - 7049108725
वी केयर फॉर यू - 0731-2510317
साइबर हेल्प लाइन - 7049124445
क्राइम वॉच - 7049124445, 7049124444, 0731-2510317
अंग्रेजों के जमाने में खुला था एमपी का पहला महिला थाना
मध्यप्रदेश में पहला महिला पुलिस थाना 10 अगस्त 1987 को भोपाल में खुला था। इसके अलावा इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, सागर, रतलाम, रीवा और सतना में भी महिला थाना हैं। यहां महिलाएं कभी भी शिकायत कर सकती हैं। महिला थाने में थाना प्रभारी महिला अधिकारी ही होती है।