
विकास मिश्रा @ इंदौर. सुशीलादेवी बंसल कॉलेज द्वारा बीई के छात्र को आखिरी वर्ष समाप्त होने से पहले बाहर करने के मामले में हाई कोर्ट ने आदेश दिए हैं, छात्र का दाखिला निरस्त नहीं कर उसके अंतिम वर्ष की परीक्षा लें। इंटरनल एक्जाम सहित प्रैक्टिकल में शामिल होने दें। कॉलेज द्वारा दाखिला निरस्त करने से जुड़ा नोटिस भी कोर्ट ने खारिज करने के आदेश दिए। जस्टिस एससी शर्मा और जस्टिस शैलेंद्र शुक्ला की युगल पीठ ने यह आदेश दिए हैं।
एडवोकेट आकाश शर्मा के जरिए याचिका दायर करने वाला छात्र प्रदीप पाटिल कॉलेज से बीई कर रहा है और आइटी ब्रांच में है। मार्च 2020 में उसका कोर्स पूरा होना है। शर्मा ने बताया, अप्रैल में प्रदीप का कॉलेज के एक छात्र से मामूली विवाद हुआ था। दोनों ने एक-दूसरे से और कॉलेज प्रबंधन से लिखित माफी मांग ली थी और मामला खत्म हो गया था।
अगस्त में सेमेस्टर परीक्षा खत्म होने के बाद कॉलेज द्वारा प्रदीप को नोटिस जारी किया गया कि आपकी परीक्षा खत्म हो चुकी है और नो ड्यूज सर्टिफिकेट पेश करें, ताकि आपका टीसी जारी किया जा सके। आपके व्यवहार से कॉलेज की छवि खराब हो रही है। आप पर कार्रवाई नहीं की गई तो अन्य विद्यार्थी भी ऐसा ही व्यवहार करेंगे। इस निर्णय को कोर्ट में चुनौती दी गई थी।