इंदौर

आरती से दूर होते ही मोनिका ने उगले राज

गांव के बाहर ही पुलिस ने सरपंच के जरिए पिता को बुलाया और ले आए इंदौर - आरती जांच में सहयोग नहीं कर रही, पुलिस ने उसके भाई को भी हिरासत में लिया
4 min read
• •
Updated: 24 Sep 2019, 11:26 AM IST
आरती से दूर होते ही मोनिका ने उगले राज
आरती से दूर होते ही मोनिका ने उगले राज

लखन शर्मा, इंदौर. हनी ट्रैप मामले में पुलिस रिमांड पर चल रही कल मोनिका यादव उर्फ सीमा को लेकर इंदौर पुलिस भोपाल और राजगढ़ पहुंची थी। अब तक आरती दयाल के साथ रह रही मोनिका कल पुलिस के साथ जाते ही राज उगलने लगी। उसने पुलिस को पूरा सच बताया कि कैसे आरती रैकेट का संचालन करती थी।

दरअसल अब तक पुलिस ने आरती और मोनिका को साथ में रख रखा था। पूछताछ भी दोनों से साथ में ही की जा रही थी, लेकिन कल जब आरती भोपाल जाने के पहले फिर बेहोश हुई तो पुलिस मोनिका को लेकर ही निकल गई। मोनिका यहां आरती के सामने तो कई मामलों में झूठ बोल रही थी, लेकिन रास्ते में उसने पुलिस के सामने पूरी सच कहानी बयां कर दी। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उसने पुलिस को बताया कि वह पिछले तीन चार महीनों से आरती के साथ ही रह रही थी। आरती के कई लोगों से संबंध थे। पुलिस उसे कॉलेज लेकर पहुंची। यहां उसने होस्टल में रहना बताया था, लेकिन वहां सच बता दिया। भोपाल से वे राजगढ़ मोनिका के गांव के लिए निकले तो पुलिस को जानकारी मिली की गांव में उसके घर के आसपास भीड़ जमा है और मीडिया का जमावड़ा है। पुलिस ने सरपंच से बात कर मोनिका के पिता को गांव के बाहर बुलवाया और वहां से उन्हें गाड़ी में बैठाकर इंदौर ले आए। यहां करीब रात तीन बजे पुलिस पहुंची। मोनिका के पिता सामान्य परिवार से हैं। वे पुलिस के सामने पूरे रास्ते रोते रहे वहीं मोनिका भी भोपाल पहुंचकर फूट- फूटकर रोई। कहने लगी मेरा इस्तेमाल किया गया है, मुझे इस रैकेट के बारे में नहीं पता था। उसने गांव के सरपंच के सामने भी यही बात कही। इधर, एसआईटी भले ही गठित कर दी गई है, लेकिन अब तक एसआईटी में शामिल अधिकारियों को इसकी सूचना नहीं मिली है। सूचना मिलने के बाद एसआईटी जांच शुरू करेगी।

- चार महीने से रह रही थी आरती के साथ

मोनिका ने पुलिस को बताया कि वह पिछले चार महीनों से आरती के साथ फ्लैट पर रह रही थी। माता-पिता या परिजन भोपाल आते नहीं थे, इसलिए उन्हें होस्टल का ही कह रखा था। पिछले दिनों ही आरती ने उसकी १५ हजार रुपए कॉलेज की फीस भी भरी थी। उसने फिर दोहराया कि आरती से उसकी दोस्ती फेसबुक के जरिए हुई थी। इसके बाद एक शुभम नाम के लड़के ने संपर्क किया और उसने आरती से मिलवाया। मोनिका ने पुलिस को यह भी बताया कि उसे वीडियो की जानकारी नहीं रहती थी। आरती पहले वहां मोबाइल लगाकर आ जाती थी।

- श्वेता की राह पर चल रही थी आरती


पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि जब आरती दयाल, श्वेता विजय जैन, श्वेता स्वप्निल जैन और बरखा अमित सोनी के संपर्क में आई तो ये भी उनकी तरह बनना चाहती थी। जिस तरह इसका वे लोग इस्तमाल करते थे उसी तरह इसने भी अपने साथ लड़कियों को जोडऩा शुरू किया और अपनी एक नई टीम बना ली। कई मामले ऐसे भी हुए जिसमें आरती ने खुद वीडियो बनवाए और उसकी जानकारी दोनों श्वेता और बरखा को नहीं दी। ये खुद ही उनकी डील करने लगी थी। इसने पिछले दिनों श्वेता के साथ भोपाल में पार्टनरशिप में एक कंपनी भी डाल ली थी। पुलिस उसकी जानकारी जुटाने में भी लगी है। एसएसपी रुचिवर्धन मिश्र का कहना है की हम इसमें भोपाल पुलिस का सहयोग भी लेंगे।

- आज छतरपुर ले जाएगी पुलिस

उधर, पुलिस आज आरती और मोनिका को लेकर छतरपुर जा सकती है। क्राइम ब्रंाच इंदौर के जवान इन दिनों जरूर छतरपुर स्थित आरती के घर पहुंचे हैं, उसके परिजनों ने जांच में सहयोग नहीं किया। अब पुलिस आज आरती और मोनिका को साथ ले जाएगी। पुलिस आरती के साथ उस स्थान पर भी जाएगी जहां श्वेता के साथ भोपाल में इसने कंपनी का ऑफिस डाल रखा था।

- ठेके और एनजीओ में मिले फंड की जांच


श्वेता स्वप्निल जैन, श्वेता विजय जैन और बरखा अमित सोनी के बारे में पुलिस को जानकारी मिली है कि ये अधिकारियों को ब्लैकमेल कर आर्थिक मदद लेने के बजाए काम कराती थीं। इसके चलते पुलिस इनके खुद की कंपनियों व इनके रिश्तेदारों की कंपनियों को सरकारी विभागों से मिले ठेके, इनके एनजीओ को मिले फंड की जांच भी करवाने की तैयारी कर रही है। इससे पता लग सकेगा की किन-किन अधिकारियों ने इनकी मदद की थी। एसएसपी रुचिवर्धन मिश्र का कहना है कि तीनों आरोपित महिलाएं भले ही न्यायिक हिरासत में चली गई हों, लेकिन हम उनसे पूछताछ जारी रखेंगे। कारण है कि इनके पास और भी वीडियो या उनकी कॉपी हो सकती हैं। ऐसे में वे जमानत पर छूट गई तो जांच को प्रभावित करेंगी और वीडियो लीक भी कर सकती हैं।

- आरती की नोटंकी खत्म

दो दिन से अलग-अलग बीमारियों, खुद को गर्भवती होने के नाटक कर रही आरती दयाल उर्फ ज्योत्सना की नोटंकी खत्म हो गई। कल उसने बीमारी का नाटक कर आईसीयू में ठंड लगने की बात कहकर तीन कंबल मांगे। गायनिक, मेडिसिन, मनोरोग सहित सभी डॉक्टरों के द्वारा क्लीन चिट मिलने के बाद भी वह कुछ खा-पी नहीं रही थी ताकि रिपोर्ट ठीक नहीं आए और उसे अस्पताल में ही रखा जाए। इसके बाद डॉक्टरों ने एक नली उसकी नाक में डाली ताकि तरल पदार्थ दिया जा सके वह डलते ही वह उठ गई। इसके बाद उसे रात में ही थाने लाया गया। इसके बाद पुलिस उससे सख्ती से पेश आई।

- आज कोर्ट में सुनवाई


इधर, आज कोर्ट में श्वेता विजय जैन और श्वेता स्वप्प्निल जैन की जमानत याचिका पर सुनवाई होना है। कल केस डायरी नहीं होने की वजह से सुनवाई नहीं हो सकी थी। पुलिस ने डायरी भोपाल होने की बात कही थी। उधर स्वप्निल जैन कल अपनी पत्नी से मुलाकात करने इंदौर आया था इसके बाद वह भोपाल नहीं पहुंचा। उसकी मां ने भोपाल पुलिस से शिकायत की थी इसके बाद वहां की पुलिस ने इंदौर पुलिस से संपर्क किया। इंदौर पुलिस मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसका पता लगा रही है।

Published on: