इंदौर

BREAKING NEWS : एक ही घर में मिले पति-पत्नी व दो मासूम बच्चों के शव

एक ही घर में परिवार के चार सदस्यों के शव मिलने से इलाके में फैली सनसनी...सुसाइड नोट भी मिला..
2 min read
• •
Updated: 23 Aug 2022, 6:36 PM IST
sucide_1.jpg

इंदौर. इंदौर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। इंदौर के बाणगंगा थाना इलाके में भागीरथपुरा चौकी के पास रहने वाले एक परिवार के चारों सदस्यों के शव उनके ही घर से मिले हैं। मृतकों में पति-पत्नी व दो मासूम बच्चे शामिल हैं। घटना का पता चलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर घटनास्थल की जांच की। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिलने की खबर भी सामने आ रही है।

पति-पत्नी, दो बच्चों के शव मिलने से सनसनी
जानकारी के मुताबिक बाणगंगा थाना इलाके के भागीरथपुरा चौकी के पास रहने वाले अमित यादव उनकी पत्नी टीना यादव, डेढ़ साल का बेटा दिव्यांश और तीन साल की बेटी याना के शव मिलने से सनसनी फैल गई। जिस मकान में मृतक परिवार रहता था उसके मालिक ने बताया कि अमित मूलत सागर का रहने वाला था वो लॉकडाउन के पहले से उनके मकान में किराए से रह रहा था। पास ही उसकी ससुराल भी है जहां ज्यादातर वक्त परिवार बिताता था। उन्होंने बताया कि परिवार के लोगों ने अमित को फोन किया था लेकिन जब फोन नहीं उठा तो उन्होंने पत्नी टीना के परिवार को सूचना दी। जिसके बाद पत्नी टीना के परिजन घर पर पहुंचे लेकिन काफी देर तक खटखटाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने मकान मालिक से संपर्क किया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो घर का दरवाजा खोलने पर अमित उसकी पत्नी टीना व दोनों बच्चों के शव बरामद हुए।

मौके से मिला सुसाइड नोट
घटनास्थल पर पहुंचे डीसीपी जोन-3 धर्मेन्द्र भदौरिया ने बताया कि मौके से एक सुसाइड नोट मिला है जिसमें लोन की बात लिखी हुई है। उन्होंने बताया कि अमित की आर्थिक हालत ठीक नहीं थी और लोन होने के कारण उसके परेशान होने की बात सामने आई है। अमित एक निजी कंपनी में काम करता था। पुलिस ने सभी के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।

देखें वीडियो-

Published on: