
इंदौर. बायपास और उज्जैन रोड की कॉलोनियों के लिए बिजली वितरण कंपनी नई व्यवस्था करने जा रही है। इन क्षेत्रों में बिजली बंद होने पर सुधार कार्य करने के लिए 30 ऑटो रिक्शा दौड़ाने का फैसला लिया गया है, जो कि बिजली गुल होने के साथ अन्य समस्याओं का निराकरण भी करेंगे। शहर के आसपास खेती करने वाले उन किसानों के यहां मीटर लगाए जाएंगे जो कि शहर के फीडरों से बिजली लेकर खेत में सिंचाई करते है। इसके साथ ही बिजली बिल वसूली को लेकर विशेष अभियान चलाने के आदेश दिए गए हैं।
एमडी विकास नरवाल ने सोमवार शाम को कंपनी मुख्यालय पोलोग्राउंड में पश्चिम क्षेत्र बिजली वितरण कंपनी के अफसरों की क्लास लगाई। उन्होंने अफसरों से कहा कि शहर में कुल 195 करोड़ रुपए के बिल जारी हुए हैं। इसी के अनुरूप वसूली होना चाहिए। कंपनी स्तर पर 740 करोड़ रुपए की लक्ष्यापूर्ति करना है। बैठक में उन्होंने निर्देशित किया कि शहर के समीप के इलाकों, बायपास, उज्जैन रोड आदि इलाकों में बिजली व्यवस्था एवं फ्यूज कॉल यानी बत्ती बंद होने की शिकायत का हल करने के लिए 30ऑटो रिक्शा सेवाएं देंगी। इससे इन कॉलोनियों के लोगों को बिजली जाने पर ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने शहरी मीटरीकरण, शहरों के फीडरों से खेती के कनेक्शन के लिए बिजली लेने वालों के यहां मीटर लगाकर बिल जारी करने, किसानों को अस्थाई कनेक्शन देने एवं लोड की चैकिंग करने के निर्देश दिए। एमडी नरवाल ने बिजली बिल राशि की शत प्रतिशत वसूली के आदेश दिए हैं।
साथ ही कहा है कि जो भी उपभोक्ता बिजली के बिल नहीं भरें उन्हें मियाद के बाद सूचना देकर कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाए। इस अवसर पर सीजीएम संतोष टैगोर, डायरेक्टर मनोज झंवर, ईडी संजय मोहासे, गजरा मेहता, आरएस खत्री, शहर अधीक्षण यंत्री अशोक शर्मा, कामेश श्रीवास्तव, भूपेंद्र सिंह, आरपी सिंह, अजय व्यास, राजेश हरोड़े, आनंद अहिरवार, टीसी चतुर्वेदी आदि मौजूद थे।