मामला आरई-2 में बाधित पीपल्याहाना-बिचौली कांकड़ बस्ती का, अभी तक 325 में से 72 परिवार को किया शिफ्ट
इंदौर. आरई-2 में बाधित पीपल्याहाना-बिचौली कांकड़ बस्ती के लोगों को नगर निगम ने चेतावनी दी है कि जिनको फ्लैट आवंटित हो गए हैं, वह उसमें चले जाएं वरना निगम हटाने की कार्रवाई करेगा। इस दौरान टूट-फूट की जिम्मेदारी स्वयं लोगों की होगी। दरअसल, बस्ती में रहने वाले 325 परिवारों में से अभी तक 72 को शिफ्ट कर दिया गया है, जबकि फ्लैट की अंशदान राशि 185 लोगों ने जमा करा दी है।
मास्टर प्लान में प्रस्तावित आरई-2 का निर्माण भूरी टेकरी से नेमावर रोड होते हुए नायता मुंडला स्थित नए आरटीओ ऑफिस तक किया जा रहा है। इसमें पीपल्याहाना बिचौली कांकड़, शिव नगर, शांति नगर, शिवदर्शन नगर, पंचमुखी हनुमान नगर, नए आरटीओ के पास की बस्ती और स्कॉन धाम कॉलोनी में रहने वाले परिवार बाधित हैं। आरई-2 में बाधित 7 बस्तियों में से तीन शांति नगर, नए आरटीओ के पास की बस्ती और पंचमुखी हनुमान नगर के परिवारों को पूरी तरह हटाकर रोड का निर्माण कर दिया गया है। इन बस्तियों में रहने वाले परिवारों को पिछले दिनों लॉटरी के जरिए फ्लैटों का आवंटन प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सनावदिया स्थित नीलगिरी परिसर में शिफ्ट किया गया है।
अब पीपल्याहाना बिचौली कांकड़ में रहने वाले 325 परिवारों को शिफ्ट करने का काम चल रहा है। इसके चलते निगम लगातार बस्ती में मुनादी कराकर लोगों को चेतावनी दे रहा है कि अंशदान राशि 20 हजार रुपए जमा कराकर आवंटित फ्लैट में शिफ्ट हो जाएं वरना निगम हटाने की कार्रवाई करेगा। इसमें टूट-फूट की जिम्मेदारी स्वयं (लोगों) की रहेगी। हालांकि कांकड़ में 325 में से 72 परिवार अंशदान राशि 20 हजार रुपए जमा कराकर शिप्ट हो गए हैं, जबकि अंशदान राशि 185 लोगों ने जमा करा दी है। इन्हें धीरे-धीरे शिफ्ट किया जा रहा है।
शिफ्टिंग के लिए निगम रोजाना दो से तीन ट्रक खड़े करने के साथ मजदूर लगा रहा है, ताकि लोगों को सामान ले जाने में आसानी हो। इसके अलावा शिव नगर के 115 में से 35 परिवार और शिव दर्शन नगर के 72 में से 21 परिवार को शिफ्ट कर दिया गया है। बाकी को समझाइश देकर शिफ्टिंग कराई जा रही है। मालूम हो कि लोगों से अंशदान राशि 20 हजार रुपए जमा कराकर फ्लैट की चाबी सौंप दी जा रही है। बाकी की राशि 1 लाख 80 हजार रुपए बैंक से लोन दिलाकर निगम लेगा।