
'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर जीतू पटवारी ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस (फोटो सोर्स: Jitu Patwari X Handle)
MP News :मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के बाद अब प्रदेश कांग्रेस इस कार्यक्रम को हर जिले तक ले जाने की तैयारी कर रही है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस संबंध में रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर कार्यक्रम को लेकर अपनी बात रखी। पटवारी ने कहा कि, राहुल गांधी ने छात्रों से जुड़े जिन मुद्दों को उठाया है, उन्हें जनता अपना मुद्दा मान रही है। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग के लिए इंदौर की जनता, मीडिया, सिख समाज, आईडीए, पुलिस और जिला प्रशासन की सराहना की। साथ ही, उन्होंने कहा कि, अब प्रदेश में 'छात्रों की गूंज' रुकने वाली नहीं है। इसे प्रदेश के हर जिले तक ले जाएंगे।
राहुल गांधी के कार्यक्रम के अगले दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा कि, सरकार का दायित्व है कि छात्रों को अधिकार संपन्न और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मुहैय्या कराएं। उन्होंने प्रदेश में क्वालिटी एजुकेशन को लेकर पहल किए जाने की बात की। पटवारी ने भाजपा नेताओं के बयानों पर भी प्रतिक्रिया देते हुए सत्ताधारी दल को सकारात्मक सोच के साथ मुद्दों पर बात करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि, सरकार के कार्यकाल के दो साल यानी करीब 800 दिन अब भी बाकी हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेस के दौरान जीतू पटवारी ने कहा कि 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम समाप्त नहीं होगा। अब प्रदेश के हर जिले में छात्रों की गूंज कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हमारा उद्देश्य किसी का अपमान करना नहीं, बल्कि छात्रों और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को सामने रखना है।' उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी में चुनावी नतीजों को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, ये लड़ाई बच्चों और अभिभावकों की है। पटवारी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आईडीए, पुलिस, जिला प्रशासन, मीडिया के साथ-साथ आने वाले सभी युवाओं का आभार व्यक्त किया।
Updated on:
20 Sept 2026 02:52 pm
Published on:
20 Sept 2026 02:38 pm
