इंदौर

वेडिंग एलबम के पन्नों में त्यार और स्क्रीन पर शादी का पूरा संसार

इंदौर। शहर में हो रही शादियों में अब टेक्नोलॉजी ने शादी परंपराओं में भी इंट्री कर ली है। शादी में ली गई तस्वीरों के एलबम अब नई तकनीक के साथ विवाह के हर पल की कहानी बता रहे है। शादी की तस्वीरों वाला…
3 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 5:11 PM IST
Madhya Pradesh News

इंदौर। शहर में हो रही शादियों में अब टेक्नोलॉजी ने शादी परंपराओं में भी इंट्री कर ली है। शादी में ली गई तस्वीरों के एलबम अब नई तकनीक के साथ विवाह के हर पल की कहानी बता रहे है। शादी की तस्वीरों वाला एलबम खोलते ही चेहरे पर मुस्कान आना पुरानी बात नहीं हुई है, लेकिन अब इस मुस्कान के साथ शादी के संगीत, अपनों की आवाज, डांस, हंसी और वीडियो में कैद भावनाएं भी लौटने लगी हैं। वेडिंग एलबम की दुनिया में ऐसा नया कॉन्सेप्ट सामने आया है। इसमें पारंपरिक हार्डकॉपी एलबम के पन्नों के साथ एक फुल एचडी स्क्रीन भी लगाई जाती है। इसमें कपल अपनी शादी की फिल्म, प्री-वेडिंग शूट, चुनिंदा वीडियो और खास मोमेंट्स देख सकता है। यानी एलबम अब सिर्फ तस्वीरों का संग्रह नहीं, बल्कि शादी की पूरी कहानी को सहेजने वाला मेमोरी बॉक्स बन रहा है।

वेडिंग फोटोग्राफर्स और एक्सपट्र्स का कहना है कि इस तरह के एलबम में प्रिंटेड फोटो स्प्रेड्स की खूबसूरती पहले की तरह कायम रहती है। कवर से लेकर पन्नों की डिजाइन, फोटो का चयन, कलर टोन और लेआउट कपल की पसंद के अनुसार तैयार किए जाते हैं। इससे विशेष आकर्षण यह है कि एलबम में लगी स्क्रीन के माध्यम से वीडियो भी देखा जा सकता है। शादी के अलग-अलग कार्यक्रमों के फुटेज, सिनेमैटिक फिल्म, कपल की एंट्री, जयमाला, संगीत, परिवार के साथ बिताए पल और प्री-वेडिंग शूट इसमें शामिल किए जा सकते हैं।

इस फॉर्मेट में तस्वीरों के साथ वीडियो को जोडऩे का उद्देश्य केवल तकनीक दिखाना नहीं, बल्कि एक ही माध्यम में शादी के अलग-अलग अनुभवों को सहेजना है। तस्वीरें किसी पल को थाम लेती हैं, वहीं वीडियो उस पल की गति, आवाज और माहौल को वापस लाता है।

कस्टमाइजेशन से बनती है एलबम की पहचान

वेडिंग एलबम की विशेषता है यह नहीं है कि इसमें कितनी तस्वीरें शामिल की गई हैं, बल्कि इस समझना है कि कपल किस तरह अपनी कहानी प्रस्तुत करना चाहता है। यह डिजाइनिंग का अहम हिस्सा बन रहा है। किसी को मिनिमल लेआउट पसंद है, तो कोई पूरे पेज पर एक बड़ी तस्वीर रखना चाहता है। कुछ कपल प्री-वेडिंग की तस्वीरों को शादी के फंक्शन्स के साथ जोडक़र एक कहानी बनाना पसंद करते हैं। एलबम के कवर पर नाम, शादी की तारीख, पसंदीदा रंग, टेक्सचर और विशेष डिजाइन एलिमेंट्स उपयोग किए जा सकते हैं। स्क्रीन का आकार, उसका प्लेसमेंट, वीडियो की अवधि और कंटेंट का चयन भी एलबम की जरूरत के अनुसार किया जाता है। इस तरह तैयार होने वाला एलबम हर कपल के लिए अलग पहचान रखता है।

हाथों में थामने वाली याद

डिजिटल दौर में फोटो और वीडियो मोबाइल, क्लाउड या पेन ड्राइव में सेव करना आसान हो गया है, लेकिन प्रिंटेड एलबम का आकर्षण आज भी बरकरार है। परिवार के साथ बैठकर पन्ने पलटना, किसी तस्वीर पर रुक जाना और पुराने किस्से सुनना एक अलग अनुभव है। स्क्रीन वाला एलबम इसी परंपरा को नए माध्यम से जोड़ता है। वेडिंग फोटोग्राफी में डिजिटल गैलरी, ऑनलाइन एलबम, वीडियो-आधारित फोटो अनुभव और इंटरैक्टिव प्रेजेंटेशन जैसे विकल्प भी विकसित हो रहे हैं। ऐसे प्रयोग बताते हैं कि शादी की यादों को देखने और साझा करने के तरीके बदल रहे हैं।

नई यादों को सेहजने का माध्यम

नए मैरिड कपल के लिए एलबम सिर्फ रिश्तेदारों को दिखाने का माध्यम नहीं, बल्कि अपनी जिंदगी के खास दिन को निजी अंदाज में सहेजने का माध्यम है। उन्हें ऐसी चीज पसंद आती है, जिसे सालों बाद भी खोलने पर वही उत्साह महसूस हो। एलबम में तस्वीरों के साथ वीडियो होने से वे उन पलों को भी याद कर सकते हैं, जो फोटो में दिखाई नहीं देते, जैसे किसी अपने की आवाज, अचानक हुई हंसी, डांस की मस्ती या भावुक विदाई।

हाल में शादी के बंधन में बंधे नताशा और गौरव जैन बताते है कि हम चाहते थे कि एलबम ऐसा हो जिसे सिर्फ अलमारी में रखकर भूल न जाएं। फोटो देखते हुए शादी की फिल्म भी चल जाए, तो हर बार वही दिन याद आ जाएगा। यह फोटो बुक से ज्यादा हमारी स्टोरी जैसा लगता है।

आवाज के साथ मीठी यादें

जयसिंह वर्मा बताते है कि मेरी बेटी की शादी में मैंने ऐसा ही एलबम डिजाइन करवाया है। शादी के दिन बहुत कुछ होता है, लेकिन बाद में तस्वीरें देखते हुए कई आवाजें और छोटे मोमेंट्स याद नहीं आते। वीडियो स्क्रीन वाला एलबम हमें उन चीजों को भी साथ रखने का मौका देता है। हमें इसकी यही बात सबसे यूनिक लगी।

स्क्रीन फे्रम वाले वेडिंग एलबम की कीमतें

-25 हजार से 75 हजार रूपए तक।

(मध्यम वर्गीय परिवारों में पसंद किए जाने वाली सामान्य रेंज)।

-50 हजार से 2 लाख रूपए तक।

(-प्रीमियम फोटो एलबम कपल और परिवार की पसंद के अनुसार कस्टमाइज)

Updated on:
27 Nov 2026, 5:11 PM IST
Published on: