
Indore double murder: इंदौर डबल मर्डर केस में आरोपी का सनसनीखेज खुलासा (फोटो सोर्स-Patrika)
Indore double murder case update: इंदौर के डबल मर्डर मामले में गुरुग्राम (हरियाणा) से पकड़ाए आरोपी हर्ष यादव पुलिस पूछताछ में वारदात की पूरी साजिश का खुलासा किया है। 20 नवंबर को हर्ष यादव ने अपनी बहन हर्षिता यादव (22) और पिता राजू यादव अपने ही घर में हत्या कर दी थी। इंदौर लाने के बाद थाना पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने प्रॉपर्टी के विवाद और लालच के चलते पिता-बहन की हत्या करना स्वीकार किया है।
इंदौर डबल मर्डर केस का आरोपी हर्ष यादव बहन की हत्या के पहले कैमरे में कैद
आरोपी ने पिता को बुलाने के लिए नाबालिग साथी का इस्तेमाल किया। पिता राजू यादव रिक्शा चलाते थे। हर्ष ने नाबालिग साथी से संपर्क करवाया। नाबालिग ने राजू यादव से कहा कि वह अरिहंत नगर में रहता है और उसके घर पर कुछ सामान रखा है, जिसे रिक्शे से उठाकर लाना है। सामान ले जाने की बात सुनकर राजू उसके साथ चल दिए। उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि जिस मकान पर वे जा रहे हैं, वहां उनका बेटा हर्ष किराये से रहता है। जैसे ही राजू यादव नाबालिग के साथ मकान में पहुंचे, वहां पहले से मौजूद हर्ष ने उनपर हमला कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद हर्ष ने पिता की डेड बॉडी को रिक्शे में रखा और हातोद थाना क्षेत्र में ले जाकर ठिकाने लगा दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि पिता के बाद अगला निशाना बहन हर्षिता थी।
हर्ष की योजना थी कि वारदात के बाद दोनों को ऑटो से शहर के बाहर फेंक आएगा। इसके बाद बहन के घर में रखी नकदी, जेवरात और प्रॉपर्टी के दस्तावेज अपने साथ ले जाएगा, लेकिन समय की कमी के कारण यह हो न सका। जब तक वह बहन के घर पहुंचा, सुबह हो चुकी थी और सड़क पर लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी। ऐसे में उसने बहन के शव को बाहर ले जाने की योजना छोड़ दी। वह बहन के घर में घुसा और बहन की जान ले ली। हालांकि, इसके बाद उसे घर से नकदी, जेवरात या वे दस्तावेज नहीं मिले, जिनकी उसे तलाश थी।
पुलिस आरोपी से वारदात से जुड़े कई बिंदुओं पर पूछताछ कर रही है। जांच के लिए उसे वारदात स्थल पर भी ले जाया गया। वहां उसने बताया कि पिता की हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार वारदात के बाद कहीं फेंक दिया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात किस हथियार से की गई थी। हथियार बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने हर्ष के नाबालिग साथी को पकड़ा था। उसने पूछताछ में बताया था कि दिसंबर में उसके भाई की शादी थी और उसे शादी में जाने के लिए पैसों की जरूरत थी। हर्ष ने आर्थिक मदद का भरोसा देकर उसे अपने साथ इस काम में शामिल किया था। नाबालिग की मदद से ही पिता को किराये के मकान पर बुलाया गया था।
पुलिस के मुताबिक, हर्ष ने पहले ही ट्रेन का टिकट बुक कर लिया था। हालांकि, ट्रेन छूटने के बाद वह फ्लाइट से दिल्ली भाग गया। वहां कई होटलों में फरारी काटने के बाद सिर पर पगड़ी बांधकर पंजाबी व्यक्ति का भेष बनाया और गुरुग्राम पहुंच गया। उसका पीछा कर रही पुलिस टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर उसे पकड़ लिया। अब पुलिस नाबालिग साथी की भूमिका सहित मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
27 Nov 2026, 11:47 AM IST
Published on:
27 Nov 2026, 10:21 AM IST
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़




