
Indore News :मध्य प्रदेश के आर्थिक शहर इंदौर के प्रमुख और व्यस्ततम व्यावसायिक क्षेत्र बड़ा सराफा में देर रात एक ज्वेलरी की दुकान में भीषण आग लग गई। दुकान से उठती लपटों और चारों तरफ फैले घने धुएं के कारण सराफा नाइट चौपाटी में मौजूद लोगों और पर्यटकों के बीच अफरा - तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किया।
बताया जा रहा है कि, ये भीषण आगजनी की घटना देर रात उस समय की है, जब बड़ा सराफा की प्रसिद्ध खान - पान चौपाटी गुलजार थी और बड़ी संख्या में लोग यहां अलग - अलग प्रकार के व्यंजनों का स्वाद लेने के लिए मौजूद थे। इसी दौरान एक ज्वेलर्स की दुकान से अचानक धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। कुछ ही मिनटों में धुआं पूरे सराफा बाजार में फैल गया, जिससे दम घुटने जैसी स्थिति बनने लगी। देखते ही देखते लोग आनन - फानन में अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ लगाते नजर आए।
इधर, मामले की जानकारी देते हुए सराफा थाना प्रभारी राजकुमार लिटोरिया ने बताया कि, प्राथमिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सराफा की संकरी गलियों के बावजूद दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभाला और आग को आसपास की अन्य दुकानों में फैलने से रोकने के लिए लगातार पानी की बौछारें शुरू कीं। पुलिस ने एहतियातन आसपास का क्षेत्र खाली करवाकर भीड़ को नियंत्रित कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि, कड़ी मशक्कत के बाद आधी रात तक आग पर काबू पाया जा सका।
वहीं, आग में लाखों का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। आग की चपेट में आया दुकान का फर्नीचर आग पर काबू पाए जाने तक पूरी तरह जलकर राख हो चुका है। वहीं, बड़ी तादाद में ज्वैलरी भी नष्ट हुई है। फिलहाल, पुलिस नुकसान का स्पष्ट आंकलन करेगी।