
इंदौर. एआईसीटीएसएल की बस आज सुबह खराब हो गई। इस कारण यात्रियों को जहां परेशानी का सामना करना पड़ा, वहीं दूसरी बस का इंतजाम होने तक काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। सिटी बस ऑफिस से निकलने के बाद आईटी पार्क चौराहे पर बस खराब होने के बाद खड़ी हो गई। बस की खराबी का कारण पता किया जा रहा है।
रोजाना की तरह आज सुबह 6 बजे इंदौर से बुरहानपुर तक चलने वाली बस गीता भवन चौराहा के पास स्थित अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड के डिपो से निकली। यात्रियों को लेकर निकली बस खंडवा रोड पर आईटी पार्क के यहां खराब हो गई। ड्राइवर ने बस को चालू करने की कोशिश की, लेकिन हुई नहीं। बस के खराब होने पर यात्रियों को काफी परेशानी होने लगी और उन्होंने बस का संचालन देखने वाली कंपनी के अफसरों को भला-बुरा कहना शुरू कर दिया।
यात्रियों के लिए भेजी दूसरी बस
तकनीकी कारणों के चलते बस के खराब होने के बाद स्टार्ट न होने पर ड्राइवर ने एआईसीटीएसएल में सूचना दी। इसके बाद यात्रियों को ले जाने के लिए दूसरी बस भेजी गई, जिसे आने में देरी होने पर यात्रियों ने पहले ड्राइवर को खूब खरी-खरी सुनाई। इसके बाद दूसरी बस में सवार हो कर रवाना हुए। इधर, एआईसीटीएसएल के अधिकारियों का कहना है कि बस के खराब होने से यात्रियों को हुई परेशानी से हमें खेद है। बस किन कारणों के चलते खराब हुई है इसका पता लगाया जा रहा है।