इंदौर

MP में ट्रेन की सफाई करने वाला निकला ड्रग्स माफिया, इंदौर स्टेशन में ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार

MP News: नशे के कारोबार पर पुलिस की दोहरी कार्रवाई सामने आई है। रेलवे में गाड़ी की सफाई करने वाला युवक और रात के अंधेरे में डिलीवरी देने पहुंचे तस्कर को ब्राउन शुगर के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया।
2 min read
Feb 09, 2026
indore crime branch caught Drug Trafficker railway coach cleaner with brown sugar mp news
Drug Trafficker railway coach cleaner (फोटो- Patrika.com)

MP News:इंदौर में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में क्राइम ब्रांच और एरोड्रम पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की तस्करी में लिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच पुलिस ने रेलवे माल गोदाम, लक्ष्मीबाई नगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान रेलवे में गाड़ी की सफाई करने वाले युवक को गिरफ्तार किया। डीसीपी (क्राइम ब्रांच) राजेश त्रिपाठी ने बताया कि चेकिंग के दौरान आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा, जिस पर टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान चिंटू उर्फ चिट्टी निवासी भागीरथपुरा के रूप में हुई। आरोपी की तलाशी में उसकी जेब से 102.76 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की गई। पूछताछ में आरोपी ने पैसों के लालच में नशे की तस्करी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर पहले से 8 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें से करीब पांच मामले ड्रग्स से जुड़े हुए हैं।

रात के अंधेरे में ड्रग्स की डिलीवरी देने पहुंचा

वहीं, एरोड्रम पुलिस ने भी रात के अंधेरे में ड्रग्स की डिलीवरी देने पहुंचे एक युवक को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। टीआई तरुण सिंह भाटी ने बताया कि शनिवार रात करीब 1.30 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि गणेश धाम, सुखदेव विहार कॉलोनी के पास एक युवक ब्राउन शुगर की डिलीवरी के लिए खड़ा है। सूचना के आधार पर दबिश देकर आरोपी सुमित (24) पिता कमल कुमार पथरोड़ निवासी 60 फीट रोड को पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से 8.75 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।

पुलिस ने रंगेहाथ दबोचा

पुलिस दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों के अनुसार इंदौर में ड्रग्स की सप्लाई चेन तोड़ने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आरोपियों से नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। (MP News)

Published on:
09 Feb 2026 04:54 am